चंडीगढ़। सेक्टर-14 वेस्ट धनास में शनिवार को लोगों ने निगम की कचरा लेने वाली गाड़ियों को वापस लौटा दिया। लोगों ने कहा कि निगम लोगों को सुविधा देने की ओर नहीं, बल्कि मुनाफा बढ़ाने में लगा हुआ है। पहले जो कचरा 50 से 100 रुपये में उठ जाता था, अब वह 200 रुपये तक पहुंच गया है।
धनास निवासी व आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नितिन गोयल ने बताया कि निगम अपनी सभी जरूरी सेवाओं का व्यापारीकरण करने पर तुला हुआ है। स्वच्छ भारत अभियान और गारबेज सेग्रिगेशन के लिए केंद्र सरकार लगभग 200 करोड़ का अनुदान भेजती है। इस फंड का बेहतर उपयोग हो तो शहरवासियों पर गारबेज कलेक्शन के लिए कोई शुल्क लगाने की आवश्यकता ही नहीं होगी। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अवतार सिंह ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर बताया कि निगम की यह सेवा अब सिरदर्द बन गई है। इस मौके पर वेलफेयर सोसायटी के महासचिव गौतम दीवान, धनास मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मदान सहित काफी लोग मौजूद रहे।