सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने कहा कि सचिवालय की बिल्डिंग को पूरी तरह ढहाकर नए सिरे से बनाया गया है जबकि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को बिना नींव मजबूत किए बना दिया। यही कारण है कि वहां पानी भरता है। बडहेड़ी निवासी अशोक कुमार ने कहा कि कुत्तों का इतना आतंक है कि लोग पार्क में नहीं घूम सकते, रात में नशेड़ी ग्रीन बेल्ट और पार्कों को अपना अड्डा बना लेते हैं। घूमने तक को जगह नहीं होती।
पुलिस खुद ही मानती है कि हमारे पास नहीं स्टाफ
बडहेड़ी के लखबीर सिंह ने कहा कि चोरी के प्रकरण में जब शिकायत करो तो पुलिस का कहना होता है कि चौकी में सिर्फ एक प्रभारी है। इतने बड़े क्षेत्र में एक व्यक्ति काम नहीं संभाल सकता है। सेक्टर 40-41 की रोड पर कचरे का ढेर लगा रहता है। अमित तलवार ने कहा कि रात 10 बजे तक दुकानें खुलती हैं। वहां लोग नशा करते हैं। हमने कई बार कहा कि एजी ऑफिस के मकानों के दोनों ओर गेट लगवा दिया जाए लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। सेक्टर-41 सी निवासी अनिल ने कहा कि पेट्रोल पंप के पीछे एस्टेट ऑफिस की जमीन है। वहां झुग्गी वालों का कब्जा है। इससे चोरी की घटनाएं बढ़ रहीं हैं।
त्योहार के बाद सलाहकार से मिलेंगे
पार्षद हरदीप सिंह ने कहा कि त्योहार के बाद यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल से मिलेंगे। एस्टेट ऑफिस और निगम के बीच की गफलत को दूर कराने का प्रयास रहेगा। वहीं, एसएसपी से मिलकर चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए भी प्रयास करेंगे। गंदगी को लेकर लोगों को भी जागरूक होना होगा। हम इधर-उधर कचरा नहीं फेंकेंगे तो कोई समस्या ही नहीं होगी।