राशन में हो रही कालाबाजरी के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, सेक्टर-17 के सामने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया गया।
चंडीगढ़ टेरीटोरियल कांग्रेस कालोनी सेल के चेयरमैन शशि शंकर तिवारी के नेतृत्व में काफी संख्या में लोग कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और नारेबाजी की।
तिवारी ने कहा कि जो राशन गरीबों में बांटने के लिए आता है, उसकी बड़े पैमाने पर कालाबाजारी हो रही है। इसे गरीबों में बांटने की बजाय बाजार में बेच दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि कई बार अफसरों से शिकायत भी की जाती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। तिवारी ने आरोप लगाया कि यह सब डिपो होल्डरों और अफसरों की मिलीभगत से चल रहा है।
उन्होंने इस संबंध में सीबीआई जांच करवाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा अगर बीस दिनों के अंदर डिपो होल्डरों पर नकेल कसने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए तो 10 मई को इससे भी बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इसका जिम्मेदार खाद्य आपूर्ति विभाग होगा। इस दौरान गुरप्रीत सिंह गाबी,वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन कुमार शर्मा, मोहम्मद शादिक, कांग्रेस कालोनी सेल के प्रदेश सचिव अरविंद सिंह, यादविंद्र मेहता व अन्य लोग मौजूद थे।