चंडीमंदिर। अमरावती एनक्लेव, हिमशिखा, डीएलएफ, ट्राइडेंट कॉलोनी तथा आसपास के गांवों के निवासी आज भी बुनियादी सरकारी सिटी बस सेवा से वंचित हैं। इस समस्या को लेकर अमरावती एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (एईआरडब्ल्यूए) के प्रधान शमशेर शर्मा ने हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग उठाई है।
एसोसिएशन के प्रधान शमशेर शर्मा ने बताया कि इस संबंध में 2 जुलाई 2024 को डीसी पंचकूला को ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद डीसी कार्यालय ने 16 अगस्त 2024 को हरियाणा राज्य परिवहन पंचकूला के महाप्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए थे, लेकिन महीनों का समय बीतने के बाद भी धरातल पर कोई व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि कालका, पिंजौर, रायतन और दून क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन पंचकूला पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च और जीरकपुर आते-जाते हैं। सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को निजी वाहनों और महंगे ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
एसोसिएशन ने परिवहन मंत्री से मांग की है कि कालका बस स्टैंड से पिंजौर होते हुए हिमशिखा, ट्राइडेंट, डीएलएफ और अमरावती कॉलोनी मार्ग से पंचकूला बस स्टैंड होते हुए सीधे पीजीआई चंडीगढ़ तक सिटी बस सेवा शुरू की जाए। इसके अलावा कालका से पंचकूला होते हुए सीधे जीरकपुर बस स्टैंड तक भी नियमित बसें चलाई जाएं। निवासियों ने दोनों रूटों पर प्रत्येक एक घंटे के अंतराल में बस सेवा उपलब्ध करवाने की मांग रखी है।
पिंजौर में आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाने की मांग
इसके साथ ही पिंजौर में यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने और जर्जर बस क्यू शेल्टर की जगह आधुनिक और बड़ा क्यू शेल्टर बनाने की मांग भी उठाई गई है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि यह सुविधा शुरू होती है तो न केवल इन कॉलोनियों बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।