चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित संजय कालोनी को तोड़ने के बाद यूटी प्रशासन ने सेक्टर-25 की कालोनी को तोड़ने के आदेश जारी किए हैं। इससे लोग दहशत में हैं। कॉलोनी को बचाने के लिए रविवार को घर बचाओ मंच चंडीगढ़ की कमेटी ने एक जनसभा का आयोजन किया। इसमें कॉलोनी तोड़ने की प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का फैसला लिया गया।
जनसभा में यह स्पष्ट किया गया कि सेक्टर 25 के निवासियों को उनके घरों पर मालिकाना हक दिलवाने की लड़ाई अब और मजबूती से आगे बढ़ाई जाएगी और प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने की किसी भी कार्रवाई का डटकर विरोध किया जाएगा। घर बचाओ मंच ने कहा कि जब तक जनता को सम्मानजनक जीवन और मकान का अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर पार्षद पूनम के पति संदीप, कांग्रेस के मनोज लुबाना, एडवोकेट अमरजीत, छात्र नेता सिकंदर बूरा, पीएसयू ललकार और एसएफएस के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सेक्टर 25 कॉलोनी से धीरज और देवेंद्र ने भी झुग्गियों को नहीं ढहने देने के लिए एकजुट होकर संघर्ष का ऐलान किया। सभा में ''''मकान बचाओ - इंसाफ पाओ'''' और ''''सेक्टर 25 के घरों को बचाना है, एकजुट संघर्ष को बढ़ाना है'''' जैसे नारे गूंजते रहे।