फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab: पहले सवाल पूछने की राह दिखाई... अब ‘आप’ खुद घबराई, पार्टी को घेरने लगे किसान तो सीएम ने संभाली कमान

Thu, 09 May 2024 03:46 PM IST
निवेदिता वर्मा सुशील कुमार, संवाद, सुनाम ऊधम सिंह वाला (पंजाब)

सार

पंजाब के संगरूर, बठिंडा, पटियाला और आनंदपुर साहिब के अलावा अन्य लोकसभा क्षेत्रों में लोग, सत्ताधारी पार्टी से सवाल पूछ रहे हैं। बठिंडा, संगरूर, पटियाला में मौसम की मार से खराब हुई फसलों का मुआवजा न देने और कर्ज मुक्ति समेत अन्य मुद्दों पर वोटर, आप नेताओं से सवाल पूछ रहे हैं। इसके अलावा गांवों में उचित विकास नहीं होने के मामले उठाए जा रहे हैं। 
विज्ञापन
संगरूर में मीत हेयर के पक्ष में प्रचार करते सीएम भगवंत मान। - फोटो : twitter @BhagwantMann
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आम आदमी पार्टी ने करीब एक दशक पहले पंजाब की सियासत में कदम रखा था। उस समय ‘आप’ ने पंजाब के वोटरों को वायदों पर खरा नहीं उतरने वाले सियासी दलों से सवाल पूछने की नई राह दिखाई थी। वोटर धीरे धीरे हिम्मत कर सियासी दलों के नेताओं से सवाल पूछने लगे। तब आम आदमी पार्टी, सत्ता में आने के सपने देख रही थी। 

विज्ञापन


समय के साथ राजनीति ने करवट ली और ‘आप’ पंजाब की सत्ता पर काबिज हो गई। अब जनता के सवालों के घेरे में खुद सत्ताधारी आम आदमी पार्टी आ गई है। पंजाब की कई लोकसभा सीटों पर चुनावी सभाओं में मतदाता, आम आदमी पार्टी से सवाल पूछ रहे हैं और बाकायदा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। 

मुख्यमंत्री भगवंत मान के जिले संगरूर में ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। बेरोजगार यूनियनें भी आप की मुसीबत बढ़ा रही हैं। श्री आनंदपुर साहिब में एक आंदोलनकारी की पुलिस द्वारा पिटाई की वीडियो क्लिप तो कांग्रेस के संगरूर से प्रत्याशी सुखपाल सिंह खैरा ने अपने अकाउंट से पोस्ट की है।
विज्ञापन


मान ने संभाला मोर्चा 
आप नेताओं को सवालों में घिरता देख मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव प्रचार का मोर्चा खुद संभाल लिया है। सीएम, रोड शो तथा बड़ी रैली के जरिए प्रचार करने को तवज्जो दे रहे हैं। सियासी जानकार मानते हैं कि इससे वोटर से दूर से ही संपर्क होता है और सवाल पूछने की गुंजाइश कम रहती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान, रोड शो और रैली में विपक्षी दलों के प्रत्याशियों को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। 

मान संगरूर में बाहरी उम्मीदवारों को भगाने की अपील कर रहे हैं, पटियाला में रजवाड़ा शाही पर निशाना साध रहे हैं, बठिंडा में बादल परिवार को सियासी तौर पर घर बिठाने का आग्रह कर रहे हैं। जालंधर में दलबदलुओं को सबक सिखाने की बात कर रहे हैं और आनंदपुर साहिब में नया इतिहास रचने का आह्वान कर रहे हैं। 

जारी है भाजपा का विरोध 
पंजाब में कई किसान संगठन पहले ही भाजपा उम्मीदवारों का जबरदस्त विरोध कर रहे हैं और रोजाना भाजपा उम्मीदवारों को घेरा जा रहा है। पटियाला में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक किसान की मौत से बवाल मचा हुआ है। मालवा के किसान पटियाला में जुट गए हैं। केंद्र से संबंधित कई मांगों पर किसान, भाजपा का तीखा विरोध कर रहे हैं। गांवों में आने पर भाजपा नेताओं को किसान काली झंडियां दिखा रहे हैं। 

कांग्रेस के नेता व विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि भाजपा और आप तो जनता को प्रताड़ित कर रहे हैं । किसान व नौजवान की आवाज़ को सत्ता के बल पर दबाने की कोशिश दोनों ही दल कर रहे हैं लेकिन पंजाब का किसान व नौजवान इस अत्याचार का हिसाब लेने को तैयार बैठा है। 

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि लोग, नेताओं के समक्ष अपनी कुछ समस्याएं उठा रहे हैं। चुनाव संपन्न होने के बाद आप सरकार, इन समस्याओं का समाधान करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार पंजाब के हितों पर दृढ़ता से पहरा दे रही है। हर मसले का गंभीरता से हल किया जा रहा है। आप सरकार तो पूरी तरह से पंजाब व पंजाबियों को समर्पित है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें