चंडीगढ़ के सेक्टर-40 के हनुमंत धाम में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दही हांडी फोड़ (मटकी) कार्यक्रम हुआ। कृष्ण बनकर सिद्धांत ने मटकी फोड़ी। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहंचे। कार्यक्रम से पहले सभी ने मंदिर में माथा टेका। यह आयोजन हनुमंत धाम को संचालित करने वाली संस्था महिला सुंदरकांड सभा की ओर से हुआ।
कई बच्चे कृष्ण के रूप में सजधज कर मनमोहक अंदाज में मंदिर में पहुंचे। कान्हा पर लोगों ने फूलों की वर्षा की। महिला सुंदरकांड सभा की अध्यक्ष नीना तिवारी की देखरेख में यह कार्यक्रम हुआ। टीम का नेतृत्व विकास ने किया। टीम में सभी बच्चों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के बाद सम्मानित किया जाएगा।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हनुमंत धाम स्थित कंप्यूटर सेंटर के बच्चों ने हिस्सा लिया। नीना तिवारी ने बताया कि 25 बच्चों ने मिलकर 25 फुट ऊंची डोर से बंधी दूध, दही, मक्खन की हांडी को एक-दूसरे के सहारे कंधे पर चढ़कर पहले ही प्रयास में फोड़ा। हांडी के फूटने पर मंदिर में जय कन्हैया लाल के जयकारे लगे। वहां श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी।
सभा के सदस्यों व अन्य श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण के भजनों की अमृत वर्षा की और नृत्य भी किया। इस दौरान लड्डू गोपाल का भव्य शृंगार किया गया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चे मंदिर प्रांगण में झूला लेते मनमोहक अंदाज में नजर आए। नीना तिवारी ने बताया कि हनुमंत धाम में कंप्यूटर सेंटर के बच्चों ने मटकी फोड़ी।
उन्होंने बताया कि ये सभी बच्चे पिछले 12 दिनों से अभ्यास में जुटे थे। इस अवसर पर सभा की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि सभा की पाल शर्मा, प्रेमलता, उषा सिंगल, कुमुद तिवारी, अल्का जोशी, दीप्ति भारद्वाज, सुनीता आनंद, गायत्री देवी, सरला समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नन्हे-मुन्ने बच्चे बने कान्हा और गोपियां
सेक्टर-20 स्थित आदर्श पब्लिक स्मार्ट स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान प्री प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने कान्हा का रूप धारण कर स्कूल पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान लड़कियां सुंदर पहनावे और आभूषणों से तैयार होकर गोपियां बनकर पहुंचीं। इस दौरान मटकी फोड़ और झूला झांकी भी प्रस्तुत की गई। इसके बाद छात्रों के साथ स्टाफ सदस्यों ने श्री चैतन्य गौड़ीय मठ मंदिर-20 के दर्शन किए। स्कूल प्रिंसिपल सुनीता ठाकुर ने छात्रों को जन्माष्टमी की बधाई दी।