सेक्टर-24 स्थित जिला अपराध प्रकोष्ठ के प्रभारी नरेंद्र पटियाल को बीते 31 दिसंबर को सूचना मिली थी कि पोल्ट्री फार्म चौक से रामदरबार की ओर जाने वाली सड़क पर हथियारों की सप्लाई होने वाली है। पटियाल ने एक टीम का गठन किया और सड़क पर नाका लगवा दिया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी रोहन कुमार को कट्टा और एक कारतूस के साथ दबोच लिया। रोहन के खिलाफ सेक्टर-31 थाने में केस दर्ज कर उसे जिला अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसके घर पर एक रिवॉल्वर/सिक्सर रखी है। पुलिस ने घर पर दबिश देकर रिवॉल्वर बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी रोहन के जरिए डील कर मंगवाए हथियार
रिमांड के दौरान रोहन ने खुलासा किया कि वह अभिषेक से हथियार खरीदकर दूसरे राज्यों में महंगे दाम पर बेचता है। पुलिस ने रोहन के जरिए अभिषेक से डील की और जब वह हथियारों की सप्लाई देने चंडीगढ़ आया तो पुलिस ने उसे हल्लोमाजरा से मौलीजागरां जाने वाली सड़क पर दबोच लिया। अभिषेक से एक कट्टा, पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला वह सक्षम वर्मा से हथियारों की सप्लाई लेता है।