पेक फेस्ट के आखिरी दिन शाम को सुपर बाइक स्टंट हुआ। जैसे ही इसकी शुरूआत हुई तो एक बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक रेलिंग तोड़ते हुए बाहर जा पहुंची। इससे स्टंट देख रहे स्टूडेंट्स के बीच भगदड़ मच गई। एक बच्चा घायल होते होते बचा। इसके बाद वहां हंगामा हो गया। इवेंट की कवरेज कर रहे कुछ मीडिया कर्मियों से आयोजकों ने फोटो खींचने पर बदसलूकी भी की। हालात को देखते हुए स्टंट वाला इवेंट ही रद्द कर दिया गया।
निंजा के न आने से युवा निराश
वहीं फेस्ट में रात को पंजाबी गायक निंजा की प्रस्तुति थी, लेकिन वह भी रद्द हो गई। निंजा के ना आने की मायूसी केसाथ तीन दिवसीय पेक फेस्ट रविवार को खत्म हो गया। निंजा की लाइव प्रस्तुति तय थी और इसके लिए खूब प्रचार भी हुआ था। इससे पहले पद्मावती फिल्म केम्यूजिक रीलिज को लेकर भी फर्जी मेल पर प्रचार हुआ था। जबकि असल में ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं था।
भंगड़ा से जमाया रंग
फेस्ट के आखिरी दिन मुख्य स्टेज पर भंगड़ा और गिद्दा प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें भावी इंजीनियर्स ने अपने पंजाबी अंदाज दिखाए। इसकेअलावा बॉलीवुड डांस, रैप प्रतियोगिता हुई और बैंड परफार्मेंस ने भी स्टूडेंट्स का मनोरंजन किया। अलग-अलग यूनिवर्सिटी और कॉलेजों से आए स्टूडेंट्स ने तीन दिन चले फेस्ट में खूब मस्ती की।