मनीमाजरा। एनएसी स्थित ज्वेलर्स से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मनीमाजरा पुलिस ने पंजाब के स्वर्ण आभूषण व्यापारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंजाब के खन्ना जिले के खुर्मी ज्वेलर्स ने करीब सवा कराेड़ के आभूषण खरीद कर 53 लाख रुपये का चेक दिया था लेकिन यह बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। इसके बाद एनएसी स्थित ज्वेलर्स के मालिक ने आरोपी से कई बार राशि के भुगतान को कहा लेकिन पैसे नहीं दिए गए।
पीड़ित ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनका सोने के आभूषण बनाने का काम है। पंजाब समेत कई राज्यों में सुनार सोने का सामान लेकर जाते हैं। पंजाब के खन्ना जिले के मालेरकोटला रोड स्थित खुर्मी ज्वेलर्स के मालिक हरभजन सिंह और उनके बेटे काफी समय से लेनदेन कर रहे हैं। उन्होंने 3 जून 2024 को 1 करोड़ 24 लाख 84 हजार 186 रुपए के सोने के आभूषण खरीदे थे। आरोपियों ने आधी रकम देते हुए बकाया 53 लाख रुपये का भुगतान करने के लिए चेक दिया था। यह चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। चेक में से एक के हस्ताक्षर का मिलान नहीं हुआ, जबकि दूसरा बैलेंस न होने के चलते बाउंस हो गया। उन्होंने आरोपियों से पैसे की मांग की तो वह टाल-मटोल करने लगे। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी।