स्कूल भी हुए सजग, डॉक्टर बोले- संक्रमण से डरने की जरूरत नहीं
मंकीपॉक्स, हैंड फुट एंड माउथ डिजीज के खतरे को देखते हुए शहर के स्कूल भी सचेत हो गए हैं। कुछ स्कूलों में बच्चों के हाथ और मुंह में दाने दिखने पर स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन कक्षाएं बंद कर दी हैं। वहीं कुछ स्कूलों ने छोटे बच्चों की कक्षाओं को ऑनलाइन कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों में होने वाले संक्रमण को लेकर ज्यादा गंभीर होने की जरूरत नहीं है। लक्षण आने पर उस बच्चे को 8 से 10 दिन के लिए आइसोलेट करने के साथ ही कुछ दवाओं की खुराक से इस संक्रमण को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
सभी टीके लगवाने के बावजूद कोरोना ने बनाया शिकार
कोरोना से पिछले दो दिनों से लगातार मौत दर्ज की जा रही है। मरने वालों में दोनों ही मरीज 70 साल से ज्यादा उम्र के हैं। चिंता की बात यह है कि जिन्होंने कोरोना टीके की सभी खुराक लगवाई है, वह भी मौत का शिकार हो रहा है। ऐसे में प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग मानकों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दे रहा है। शहर में कोरोना संक्रमण की दर पिछले 7 दिनों के दौरान 9.18 प्रतिशत रही है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 808 है जबकि अब तक 1167 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 95952 पर पहुंच गई है। इनमें से अब तक 93977 मरीज ठीक हो चुके हैं।
ऑक्सीजन की भरपूर व्यवस्था
स्वास्थ विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कोरोना के मरीजों के लिए शहर में ऑक्सीजन की भरपूर व्यवस्था की जा चुकी है। मौजूदा समय में पीजीआई में 2000 एलपीएम (लीटर प्रति मिनट), जीएमएसएच 16 में 500 और 800 एलपीएम के दो, जीएमसीएच 32 में 1000 और 800 एलपीएम के दो और सेक्टर- 48 के अस्पताल में 100 एलपीएम का ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट संचालित किया जा रहा है।
डेंगू के भी बढ़ने लगे मरीज
बरसात के साथ ही शहर में डेंगू के मरीजों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। कुछ दिनों पहले तक डेंगू के मरीजों की संख्या महज 10 थी, जो अब 25 पर पहुंच गई है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बचाव के लिए मलेरिया विभाग फॉकिग, एंटी लारवा व चेकिंग का काम तेजी से कर रहा है जबकि हकीकत कुछ और ही है। बरसात के दौरान जलभराव से बचाव की व्यवस्था अधूरी है। शहर की रोड गलियां जाम पड़ी है जिसमें तेजी से मच्छर पनप रहे हैं।
कोरोना से बचाव के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित करने के साथ ही ऑक्सीजन व वेंटिलेटर की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली गई है। वहीं डेंगू से बचाव के लिए मलेरिया विभाग लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है जबकि देश में मंकीपॉक्स के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के निर्देश पर पीजीआई में बेड आरक्षित करने के साथ ही कमेटी गठित की जा चुकी है। शहर में अभी इसका कोई मामला सामने नहीं आया है। -डॉ. वीके नागपाल, कार्यवाहक निदेशक स्वास्थ्य