बहुचर्चित कठुआ केस को लेकर सातवें दिन गुरुवार दोपहर बाद कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई। सातों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला सेशन जज तेजविंद्र सिंह की कोर्ट में पेश किया गया और उन पर चार्ज फ्रेम किए गए।
आठवें नाबालिग आरोपी का केस जुवेनाइल कोर्ट में चल रहा है। उसके मामले में सेशन कोर्ट में 11 जून को सुनवाई होगी।
कोर्ट की ओर से जो आरोप तय किए गए हैं। सेशन कोर्ट में आरोपियों पर दो अतिरिक्त चार्ज 161 तथा 328 लगाए गए हैं। इस बात की पुष्टि बचाव पक्ष के वकील असीम साहनी की ओर से सुनवाई खत्म होने के बाद की गई।
सातों आरोपियों एसपीओ सुरेंद्र कुमार, विशाल, एसपीओ दीपक खजूरिया, सब इंस्पेक्टर आनंद दत्ता, सांझी राम, कांस्टेबल तिलक राज तथा एक अन्य को बृहस्पतिवार दोपहर 1.10 बजे कोर्ट में पेश किया गया था। वकील साहनी ने कहा कि शुक्रवार को आरोपियों को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।