चंडीगढ़। अब आप घर बैठकर ही तत्काल पासपोर्ट ले सकेंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से कोरोना के चलते यह सुविधा दी जा रही है। इसके लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को जरूरी दस्तावेज भेजने होंगे और ऑनलाइन वीडियो कॉल से काउंसलिंग हो जाएगी। निर्धारित समय में पासपोर्ट आपके घर आ जाएगा।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से कोरोना को देखते हुए नई-नई सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। सामान्य पासपोर्ट के लिए लोगों को केवल आवेदन करना है। उसके बाद उन्हें कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। पासपोर्ट कार्यालय आवेदन में भरे गए नंबर पर वीडियो कॉल करेगा और आपकी लोकेशन से लेकर आपकी तस्वीर आदि की जांच कर लेगा। उसके बाद पासपोर्ट सीधे डाक के जरिए आपके घर पहुंचेगा। उसी तरह अब तत्काल पासपोर्ट के लिए यह सुविधा कर दी गई है। जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, पैन कार्ड, पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र आदि में से तीन दस्तावेज विभाग को भेजने होंगे। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन मुलाकात करने में अक्षम है तो वह कार्यालय में ऑनलाइन ही मुलाकात का समय लेकर मिल सकता है और पासपोर्ट बनवा सकता है। सूत्रों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति को तत्काल पासपोर्ट बनवाने के कारण भी स्पष्ट करने होंगे। तत्काल पासपोर्ट दो से तीन दिन में मुहैया हो जाता है।