सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर की पार्किंग में बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के बीच बुधवार को एसडीएम ईस्ट डॉ. तपस्या राघव की गाड़ी फंस गई। करीब आधे घंटे तक वह पार्किंग में फंसी रहीं। एसडीएम को ट्रैफिक में फंसा देख ट्रैफिक पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। हालत ऐसी थी कि मशक्कत के बाद भी गाड़ी नहीं निकल पाई और एसडीएम के लिए दूसरी गाड़ी मंगवानी पड़ी। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की मदद से रास्ते में खड़ी कार को साइड किया और एसडीएम की गाड़ी को निकलवाया।
हुआ यूं की एसडीएम ईस्ट डॉ. तपस्या राघव बैंक स्क्वायर में किसी काम से आई थी। बुधवार को पार्किंग फुल होने के कारण कुछ लोग रास्ते में ही अपनी गाड़ियां लगा गए। इस कारण पार्किंग का एक ब्लॉक बंद हो गया। जब एसडीएम लौटीं तो उनकी गाड़ी को कहीं से भी निकलने को रास्ता नहीं मिला।
रास्ते में खड़ी थी कार, हैंडल लॉक था
सूचना के बाद ट्रैफिक पुलिस क्रेन लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन समस्या तब हुई जब रास्ते में उल्टी खड़ी कार को हैंडल लॉक होने के कारण उठाया नहीं जा सका। लोगों की मदद से गाड़ी को उठाकर दूसरी साइड करने का प्रयास हुआ लेकिन वह भी विफल रहा। गाड़ी नहीं हटते देख एसडीएम के लिए दूसरी गाड़ी मंगवाई गई।