मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए तीखी बात कह दी। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर शिअद को राजनीतिक मानचित्र से खत्म करने की बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कैप्टन का यह बयान उनकी कल्पना है।
कांग्रेस प्रधान के ऐसे बयान जारी करने से पहले याद कर लेना चाहिए कि पंजाब के लोगों ने कैसे उन्हें व उनकी पार्टी को बार बार नकारा है उन्होंने कहा कि कैप्टन खबरों में रहने के लिए बेअदबी की घटनाओं पर निराधार बयानबाजी कर रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सद्भावना रैलियों का एक मात्र उद्देश्य पंजाब को शांति से भरपूर खुशहाल राज्य बनाना है। मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि शिअद भाजपा सरकार ने विकास और लोक कल्याण के बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए हैं, जिससे लोगों का आर्थिक जीवन स्तर ऊंचा होगा।
उन्होंने विरोधी पार्टियों को पंजाब की आर्थिक स्थिति के बारे में निराधार व झूठी बयानबाजी करने से गुरेज करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र में संगत दर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इससे पहले उन्होंनें डालेके, बुघ्घा, चुताला, संघे और नौरंगाबाद गांवों में संगत दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को हल करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सद्भावना रैलियों की कड़ी में कल गुरदासपुर में तीसरी रैली की जा रही है। इसी प्रकार की एक रैली 14 दिसंबर को श्री गोइदवाल साहिब में की जाएगी। उन्होंने संगत से सद्भावना रैलियों में हिस्सा लेने अपील की।
इस दौरान बादल ने गांवों की गलियों -नालियों, डेरो के रास्ते, बिजली, ड्रेनेज , निकासी नालो, जिम, धर्मशालाएं, शमशान घाट का निर्माण, क्लबों के विकास के लिए 401 लाख रुपये की ग्रांट विभिन्न गांवों को दी।