आज चल रही 'परीक्षा पे चर्चा 2.0' में पंजाब के एक छात्र ने ऐसा सवाल पूछा, जिसका पीएम मोदी ने बेहद दिलचस्प तरीके से जवाब दिया। डीएवी स्कूल, पठानकोट के छात्र अमित चौहान ने पूछा कि पढ़ाई करने में, एग्जाम देने में फन और इंटरेस्ट कैसे आएगा? इस सवाल के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा कि एग्जाम एक कसौटी हैं परखने का। एग्जाम को एक अवसर मानेंगे तो आनंद आएगा।
चुनौती होती है तो हर शख्स में एक अलग और अनोखी ताकत भी होती है। एक एनर्जी होती है, जो छुपी रहती है। इसी एनर्जी को बाहर निकालने के लिए कसौटी परखना जरूरी है, और इसी कसौटी के समय देखना होगा कि कौन सी क्षमता आपके अंदर से उभरकर सामने आती है। परमात्मा ने आपको बहुत सामर्थ्य दिया है। लेकिन उसे परखने का कोई तरीका नहीं दिया।
एग्जाम वो तरीका है। एग्जाम के लिए जिंदगी न जिए, खुद के लिए जिए। खुद की जानकारी बढ़ाने के लिए जियें। जिंदगी से जुड़ते चलें, जानकारी लेते चलें, मार्क्स अपने आप पीछे दौड़ते आएंगे। अगर ऐसा सोच कर एग्जाम देंगे तो वे कभी भी बोझ नहीं लगेंगे। न ही तनाव आएगा।