स्कूल फीस लेने के विरोध में कैंडल मार्च निकालते सेक्टर-17 स्थित प्लाजा के स्कूल में पढ़ने वाले बच्?
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। बच्चों के अभिभावकों ने ‘नो स्कूल नो फीस’ मुद्दे पर सेक्टर-17 प्लाजा में कैंडल मार्च किया। इस मौके पर सभी माता-पिता ने प्रशासन के खिलाफ सामाजिक दूरी का पालन करते हुए शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। एक बच्चे की अभिभावक सुनीला शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सबकी आर्थिक स्थिति खराब है, लेकिन स्कूल की तरफ से पूरी फीस ली जा रही है। जब बच्चा स्कूल ही नहीं जा रहा तो पानी, बिजली और बिल्डिंग की पूरी फीस क्यों ली जा रही है। उन्होंने स्कूलों स्टाफ पर दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया जा रहा है, लेकिन उनकी समस्या को नहीं समझा जा रहा। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं तो वे दिल्ली तक जाकर प्रदर्शन करेंगे। जो भी राजनीतिक पार्टियां उन्हें सहयोग नहीं कर रही हैं, वे चुनाव के समय उनका खुलकर बहिष्कार करेंगे।
अभिभावक सतनाम सिंह ने कहा कि रोजाना कमा कर खाने वाले 95 प्रतिशत माता-पिता हैं। ऐसे में वे इतनी फीस कहां से अदा करेंगे। स्कूल अधिकारी माफिया की तरह उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं। वे व्यापारियों की तरह चाहते हैं कि बिना दुकान खोलें उन्हें आय मिलती रहे। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे प्रदर्शन करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वे हाईकोर्ट से उम्मीद करते हैं कि उनकी समस्याओं को समझा जाएगा। उन्होंने फिर फीस कम करने की मांग उठाई।