सेक्टर-16 स्थित टैगोर थिएटर में इंटरनेशनल पपेट (कठपुतली) शो का शानदार आगाज हुआ। 9 फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पहले दिन शनिवार को स्वीडन के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी।
पहले ही दिन पपेट शो को अच्छा रिस्पांस मिला। शो हाउस फुल रहा। इस शो में स्विटजरलैंड, अमेरिका और भारत के कलाकार भी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय कलाकार सोमवार को प्रस्तुति देंगे।
शो के पहले दिन स्वीडन के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। उन्होंने एक डॉक्टर की कहानी प्रस्तुत की। यह एक कॉमेडी शो था। दर्शक दिल खोलकर हंसे। इस दौरान पूरा थिएटर फुल रहा। यहां तक कि लोग खड़े होकर भी शो देख रहे थे। इनमें बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा थी। शो के बाद बच्चों में विदेशी कलाकारों से बातचीत करने और उनके ऑटोग्राफ लेने की भी होड़ लगी रही। वहीं कुछ लोग जगह न मिलने पर मायूस होकर लौट गए।
आज अमेरिकी कलाकार देंगे प्रस्तुति
पपेट शो में रविवार को अमेरिकी कलाकार प्रस्तुति देंगे। उनके शो का नाम ‘लिटिल रेड राइडिंग हुड’ है। यह बच्चों की कहानी पर आधारित प्ले है। वहीं, सोमवार को भारतीय कलाकार और मंगलवार को समापन वाले दिन स्विट्जरलैंड के कलाकार प्रस्तुति देंगे।
सुबह सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए स्पेशल शो
पपेट शो में रोजाना दो शो होंगे। एक सुबह 11 बजे और दूसरा शाम 6:30 बजे। सुबह का शो केवल यूटी प्रशासन के अधीन आने वाले सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए हैं। टैगोर थिएटर के संचालक कुलदीप शर्मा के अनुसार सरकारी स्कूल के बच्चों को ऐसे कार्यक्रम देखने को नहीं मिल पाते।
इसलिए सुबह के शो की व्यवस्था केवल उनके लिए की गई है। ताकि वह भी एक अलग तरह के अनुभव से परिचित हो सकें। सुबह के शो में सरकारी स्कूल के बच्चों के अलावा किसी और की एंट्री नहीं होगी। वहीं, शाम वाले शो ओपन हाउस हैं। उसमें कोई भी आ सकता है।