प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पहली बार चंडीगढ़ में कैशलेस, पेपरलेस और कंप्यूटरलेस कार्निवाल होने जा रहा है। इसका आयोजन सेक्टर दस गवर्नमेंट म्यूजियम हाल के सामने लेजरवैली में होने जा रहा है। पॉप-एन-शॉप के नाम से आयोजित कार्निवाल में 40 से ज्यादा फूड, गेम्स, शापिंग, हैंडीक्राफ्ट, आर्ट्स के स्टॉल होंगे। म्यूजिक, शायरी और लाइव बैंड की लाइव परफार्मेंस होगी।
शहर के पहले डिजिटल कार्निवाल में किसी भी तरह की खरीदारी एक रिचार्ज कार्ड से की जाएगी। मुख्य आयोजनकर्ता सोल बाउल कंपनी के मालिक सिद्धांत दास ने बताया कि सभी स्टाल संचालक बिग स्टोर नामक एक ऐप डाउनलोड करेंगे। ये एप सिटी के ही एक इंजीनियर गगन दीप ने बनाया है। कार्निवाल में हर पांच स्टाल के लिए एक पैमेंट काउंटर होगा। मेले में आने वाले लोगों को काउंटर से एक कार्ड लेना होगा, जिसे काउंटर पर डैबिट कार्ड या कैश देकर रिचार्ज करना होगा।
कार्ड रिचार्ज होने के बाद जब वह व्यक्ति किसी भी काउंटर में खरीदारी करता है तो उसे सिर्फ कार्ड दिखाना होगा। स्टाल संचालक बिग स्टोर एप से कार्ड को स्कैन करेगा और आटोमैटिक उससे उतनी राशि कट जाएगी। राशि कटते ही कार्ड धारक पर मैसेज पहुंचेगा। मैसेज में खरीदारी और धनराशि का पूरा ब्योरा होगा। सिद्धांत दास कहते हैं कि चंडीगढ़ प्रशासन के साथ ये एक इनिशिएटिव है। इसका मकसद कैशलेस और डिजीटल युग को बढ़ावा देना है।
ये सब होगा कार्निवाल में
कार्निवाल
- फोटो : amar ujala
दो दिन तक चलने वाले कार्निवाल में 11-12 मार्च को पांच-पांच घंटे तक लाइव बैंड परफार्मेंस होगी। पंजाब के फेमस क्रू-172 पंजाबी हिप-हाप परफार्मेंस, उर्दू, हिंदी, पंजाबी और इंग्लिश में शायरी व फ्लैश मॉब का आयोजन होगा। इसके अलावा एकदम अलग व्यंजनों के फूड आइटम होंगे।
मास्टर शेफ कंपटीशन में अपना लोहा मनवा चुके काडला निझावन खुद अपना स्टाल लगाएंगे, जो स्वादिष्ट व्यंजन मौके पर बनाएंगे। शहर के युवा स्कैच आर्टिस्ट होंगे। स्वच्छ भारत कैम्पेन को प्रमोट करने के लिए ट्रू ग्रीन के कंपोस्टेबल बैग के बारे में लोगों को बताया जाएगा और वे इसे खरीद भी सकते हैं।
हर स्टाल धारक की बनेगी मुफ्त में बनेगी वेबसाइट
सिद्धांत दास के मुताबिक जो भी स्टाल लगाएंगे, उनकी मुफ्त में वेबसाइट बनाई जाएगी। इसके लिए दिल्ली की ई कामर्स कंपनी क्रेफ्लाई को जिम्मेदारी दी गई है। ये छोटे-छोटे व्यापारियों के सामान आनलाइन बेचती है। जो लोग आनलाइन सामान नहीं बेच नहीं पाते हैं, उनके लिए यह एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराती है।
आने-जाने पर 25 प्रतिशत डिस्काउंट
कार्निवाल में उबेर भी को-पार्टनर हैं। यदि उबेर के जरिए कार्निवाल में आते-जाते हैं तो 25 प्रतिशत डिस्काउंट भी दिया जाएगा। इसके अलावा कई सारे प्राइज भी निकाले जाएंगे, जिसमें लोग हिस्सा ले सकेंगे। पाप-एन-शाप की शुरुआत पिछले साल हुई थी। उस दौरान सिर्फ एक दिन का कार्निवाल लगाया गया था।