पानीपत जिले में 16वीं लोकसभा चुनाव में कहीं ईवीएम खराब हुई तो कहीं पर मधुमक्खियों ने मतदाताओं पर हमला कर दिया। ईवीएम में आई तकनीकी खामियों के चलते कई मतदान केंद्रों पर मतदान देरी शुरू हुआ और कई बूथों में बीच में ही मतदान रोकना पड़ा। पानीपत ग्रामीण और इसराना विधानसभा के कई गांवों के बूथों पर ईवीएम में कमी आने के समाचार मिले।
शहर के वन विभाग स्थित मतदान केंद्र पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया और दर्जनों मतदाताओं का काट लिया। कुछ लोगों ने दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं पर मधुमक्खियों को जान बूझकर उड़ाने का आरोप लगाया है।
जिले में 682 मतदान केंद्रों पर वीरवार को सुबह सात बजे शांतिपूर्वक ढंग से मतदान शुरू हुआ और कुछ ही देर में मतदाताओं की बूथों पर लंबी-लंबी कतार लग गई। शहर समेत जिलेभर के कई मतदान केंद्रों पर रुक-रुककर मतदाताओं की भीड़ लगी रही। मतदाता शाम को छह बजे तक भी लाइनों में लगे रहे।
ईवीएम ने डाला रोड़ा
लोकसभा चुनाव के मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। जिससे मतदान कार्य को बीच में रोकना पड़ा। ईवीएम में खराबी की पानीपत ग्रामीण और इसराना के कई बूथों पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली। इसराना विधानसभा के ग्वालड़ा गांव में बूथ नंबर-146 पर सुबह मतदान शुरू करने के वक्त ईवीएम नहीं चल सकी। तकनीकी कर्मियों ने ईवीएम को ठीक करने का प्रयास किया।
ईवीएम करीब सवा आठ बजे शुरू हो सकी। इसलिए यहां पर सवा घंटे देरी से मतदान शुरू हो सका। इसी विधानसभा के बिजावा गांव में सुबह सात बजे ही एक ईवीएम में खराबी आ गई। यहां पर दूसरी मशीन भी लगाई गई, लेकिन वह भी नहीं चल सकी। यहां पर करीब पौना घंटे तक मतदान कार्य बाधित रहा।
पानीपत ग्रामीण हलके के निंबरी गांव में बूथ नंबर-140, बराना गांव के बूथ नंबर-22 और सुताना गांव के बूथ नंबर-56 पर ईवीएम में तकनीकी कमी आने से काफी देर तक मतदान का कार्य बंद रहा।
मॉडल टाउन स्थित डॉ. एमकेके स्कूल के बूथ नंबर-91, राजा खेड़ी के बूथ नंबर-99 की दो ईवीएम और मतलौडा के बूथ नंबर-41 की ईवीएम में तकनीकी कमी आने से 20 मिनट से आधा घंटा तक मतदान बाधित रहा।
मधुमक्खियों का मतदाताओं पर हमला
लोकसभा चुनाव में राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता अबकी बार शांत रहे, लेकिन मधुमक्खियों ने भीड़ को देख मतदाताओं पर हमला बोल दिया। पानीपत के वन विभाग स्थित मतदान केंद्र पर मधुमक्खियों ने दर्जनों मतदाताओं को काट लिया।
बताया जा रहा है कि यहां पर दोपहर के वक्त बूथ नंबर 13-17 पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी थी। इसी वक्त प्रांगण में खड़े पेड़ पर बैठी मधुमक्खियां उड़ गई और मतदाताओं पर हमला बोल दिया।
इसमें महेंद्र मेहरा समेत करीब एक दर्जन मतदाता घायल हो गए। इससे आधा घंटे तक मतदान कार्य बाधित रहा। राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर मधुमक्खी उड़ाने का आरोप लगाया है।
युवती बोली स्याही नहीं लगवानी
मॉडल टाउन स्थित एक युवती ने मतदान के वक्त अपनी अंगुली पर स्याही लगवाने से मना कर दिया। युवती ने बताया कि उसकी एक सप्ताह बाद शादी होनी है और उसको हाथों पर मेहंदी लगवानी है।
यह स्याही उतर नहीं सकेगी और उसकी सारी तैयारी खराब हो जाएगी। इस बात को लेकर युवती और पोलिंग अधिकारियों के बीच कुछ देर तक बहस होती रही।
मतदान केंद्र पर कटी मिली वोट
लोकसभा चुनाव में कई मतदाताओं को वोट कटे मिले। इससे उनको अपनी पसंद के प्रत्याशी को मतदान न करने पर मन मसोसना पड़ा। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की काफी शिकायत मिली। ऐसे मतदाताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
कच्चा कैंप का 45 वर्षीय लेखराज बूथ पर मतदान करने पहुंचा था, लेकिन उसका वोट कटा मिला और उसने इसके लिए काफी प्रयास किया। पोलिंग पार्टियों द्वारा ऐसे में मतदान करने से मना कर दिया और उनको मायूस होकर लौटना पड़ा।