हिमाचल के परवाणू में कार सवार युवकों ने एक युवक को पहले लिफ्ट दी, फिर जहरीला पदार्थ देकर उसके पैसे लूट लिए और बुधवार देर रात पंचकूला के सेक्टर-21 में सड़क किनारे फेंककर चले गए।
पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वीरवार को बयान दर्ज होने के बाद सेक्टर-5 थाने में आईपीसी की धारा 328 (किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जहर देना) व 379 (चोरी) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को परवाणू थाना ट्रांसफर कर दिया गया।
सोलन निवासी विनय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसने सोलन से एक गाड़ी में लिफ्ट ली। परवाणू के पास कार सवार युवकों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गया।
काफी देर बाद जब होश आया तो वह सड़क के किनारे पड़ा था। विनय के मुताबिक, उसके पास कुछ रुपये और अन्य सामान था, जो कार सवार ले गए।
क्या होती है जीरो एफआईआर
कोई भी पीड़ित किसी भी थाने में एफआईआर दर्ज करा सकता है। जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद उसे उस संबंधित थाने में भेज दिया जाता है, जिस थाना क्षेत्र में अपराध हुआ हो।
चूंकि, यह अपराध परवाणू में हुआ है, इसलिए सेक्टर-5 थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को परवाणू थाना ट्रांसफर कर दिया गया।