माता के दर्शन को पहुंचे कई राज्यों के भक्त
- फोटो : अमर उजाला
चैत्र नवरात्र के पहने दिन मनसा देवी मंदिर में 95 हजार 680 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। मंगलवार को मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। नवरात्र के पहले दिन भक्तों की संख्या कम थी। माता के दर्शन के लिए मंगलवार को अल सुबह से ही भक्त कतार में लग गए थे। मां दर्शन के लिए भक्तों की करीब एक किमी लंबी कतार लगी हुई थी। सभी माता के जयकारे लगा रहे थे। माता के दर्शन के लिए पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली के अलावा हिमाचल, पंजाब व पश्चिमी यूपी से भी भक्त पहुंचे।
विधानसभा अध्यक्ष ने भी टेका माथा
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल ने बुधवार मनसा देवी मेले के पहले दिन चैत्र नवरात्र के अवसर पर माता के चरणों में शीश नवाया और माता के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा अर्चना कर हवन में आहुतियां भी डाली। इस मौके पर हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा ने भी माता के दर्शन किए तथा हवन में भाग लिया।
पांच अप्रैल को कन्या पूजन
इस मौके पर मनसा देवी श्राइन बोर्ड की मुख्य प्रशासक गौरी पराशर जोशी ने बताया कि 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे कन्या पूजन एवं पूर्ण आहुति के अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी उपस्थित होंगे। जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 30 मार्च को सुबह 9 बजे माता के दर्शन करेंगे। 31 मार्च को शाम 7 बजे श्री सिद्धार्थ मोहन व 2 अप्रैल को सरोजा वैद्यनाथन तथा 4 अप्रैल को अनुराधा पौडवाल शाम 7 बजे भजन संध्या कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।