पलसौरा बेबी मर्डर केस में पुलिस एक सप्ताह के अंदर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट अदालत में दायर करेगी। पुलिस मामले में गवाहों और सबूतों की लिस्ट तैयार कर चुकी है।
आरोपियों को सजा दिलाने के लिए सीएफसएसल रिपोर्ट भी हासिल की जा चुकी है। सेक्टर-39 थाना पुलिस इस मामले में पलसौरा निवासी आरोपी राजकुमार, अनिरुद्ध, ऑटो चालक भगत सिंह और महिला सुनीता उर्फ बिल्ली के खिलाफ हत्या, अपहरण, दुराचार, पासको एक्ट और साजिश रचने की धाराओं के तहत चार्जशीट दायर करेगी।
क्या है मामला
पलसौरा में 27 नवंबर-2013 को दिनदहाड़े 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण घर के पास से हुआ था। इस मामले में बच्ची का सुराग नहीं लगाने पर लोगों ने पुलिस स्टेशन का घेराव किया था।
एक दिसंबर की शाम बच्ची का शव बोरी में फर्नीचर मार्केट के पास जंगल में मिला था। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम करवाया गया था। पोस्टमार्टम में बच्ची के साथ दुराचार की पुष्टि हुुई थी।
जब पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा पाई तो साइबर सेल ने बच्ची की हत्या में राजकुमार और अनिरुद्ध को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पड़ोसी सुनीता उर्फ बिल्ली और आटो चालक भगत सिंह की भूमिका पाए जाने के बाद उन्हें भी गिरफ्तार किया गया था।