चंडीगढ़/अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सरहद पार से गैर-कानूनी हथियारों की तस्करी करने वाले माड्यूल के एक गुर्गे को दबोचा है, जो पाकिस्तान आधारित तस्कर के इशारों पर काम करता था।
काउंटर इंटेलिजेंस ने आरोपी को गिरफ्तार करके इस माड्यूल का पर्दाफाश किया है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान भरतप्रीत सिंह निवासी गांव माड़ी मेघा तरनतारन के तौर पर हुई है। पुलिस टीमों ने उसके कब्जे से पांच पिस्तौल, जिनमें दो 9 एमएम, दो .30 बोर और एक .32 बोर बरामद किए हैं। इसके अलावा खेपों की डिलीवरी के लिए इस्तेमाल की जा रही उसके स्पलेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
विज्ञापन
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि गिरफ्तार आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ मिल कर पाकिस्तान आधारित तस्कर के इशारे पर काम कर रहा था। पाकिस्तान आधारित तस्कर सरहद पार से हथियारों की खेप फेंकने के लिए ड्रोन का प्रयोग कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी राज्य में आपराधिक गतिविधियों को हवा देने के इरादे से पंजाब में अपराधियों और गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई कर रहा था।
सीआई अमृतसर को मुलजिमों द्वारा तरनतारन के गांव दलीड़ी के नजदीक पड़ते भारत-पाकिस्तान सरहदी क्षेत्र से हथियारों की खेप हासिल किस जाने के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्ध भरतप्रीत सिंह को अमृतसर के गांव इब्बण- गांव मूलेचक्क रोड पर उस समय पर घेरा डाल लिया, जब वह आगे किसी पार्टी को खेप पहुंचाने जा रहा था।