22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ जवानों ने चौकसी बढ़ा दी है।
मगर इस बीच पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पंजाब के फिरोजपुर में पाकिस्तानी ड्रोन ने भारतीय सीमा में एके-47, दो मैगजीन, 40 कारतूस और 40 हजार भारतीय मुद्रा फेंकी है। यह खेप बीएसएफ बीओपी लक्खा सिंह वाला (जल्लोके) में मिली है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को गांव जल्लोके में अपने खेत में पानी लगा रहा था। किसान का खेत सीमा सुरक्षा बल की पोस्ट लक्खा सिंह वाला के पास है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात पाकिस्तानी ड्रोन एक बैग खेत में फेंक गया था। किसान ने खेत में पड़े बैग की सूचना गांव के सरपंच को दी। बैग में असलहा देख सरपंच ने बीएसएफ को सूचित किया। बीएसएफ ने बैग खोल कर देखा तो एके-47, दो मैगजीन, 40 कारतूस व 40 हजार रुपये मिले। 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर कार्यक्रम है। इस बीच पाकिस्तान नापाक साजिश में जुटा है। मगर सीमा पर पहले से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
नदी, जंगल और जमीन पर बीएसएफ जवान अलर्ट
बीएसएफ जवान घोड़ों, वाहनों व पैदल सरहद पर निगरानी कर रहे हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि सीमा पर जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। पाकिस्तान की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। अयोध्या में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम पर देश-विदेश के लोगों की नजर है। आतंकी इसमें खलल न डालें इसीलिए सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नदियों में मोटरबोट से गश्त की जा रही है। सीमा से सटे जंगलों में भी बीएसएफ गश्त कर रही है।
पाकिस्तानी नागरिक भी गिरफ्तार
उधर, पंजाब के ही तरनतारन जिले में एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने काबू किया है। बीएसएफ सूत्रों के अनुसार तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर गुरुवार की रात 11 बजे किसी व्यक्ति के आने की हलचल सुनाई दी। इसके बाद सीमा पर तैनात बीएसएफ की 71 बटालियन सक्रिय हो गई। पिलर नंबर 126/20 के नजदीक भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने वाले व्यक्ति को जवानों ने काबू कर लिया। इसकी पहचान अनवर पुत्र तियादीन निवासी बुर्ज जिला लाहौर के तौर पर हुई। बीएसएफ और पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।