भारत और खास कर पंजाब में दुश्मन देश पाकिस्तान अपने स्लीपर्स सेल एक्टिव करके यहां से खुफिया जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर रहा है। इस समय देश में स्लीपर सेल एक्टिव भी हैं, जो नौजवानों को पैसों का लालच देकर देश की खुफिया जानकारियां पाकिस्तान पहुंचा रहे हैं।
करतारपुर कॉरिडोर के चल रहे निर्माण कार्य और तिब्बड़ी छावनी की फोटो भेजने वाले विपिन सिंह निवासी पुल तिब्बड़ी गुरदासपुर से पूछताछ के बाद वीरवार देर शाम उसे गुरदासपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, विपिन सिंह जून 2018 में पाकिस्तान की तरफ से कॉल आने के बाद वहां के संपर्क में आया। उसने 10 लाख रुपये लेकर पाकिस्तान के एक मोबाइल नंबर पर कुछ चित्र भेजे थे और वहां बात करने के लिए वायस कॉल का भी उपयोग किया था।