देशभर के 15 कलाकारों के बेस्ट वर्क के साथ सोमवार को पंजाब कला भवन -16 में फेस्टा पैलेटा नाम से कला प्रदर्शनी शुरू हुई। इसमें कैनवास पर कृष्ण से लेकर नारी शक्ति के रंग हैं, जो आध्यात्मिक और सांसारिक संदेश देते हैं।
दिल्ली की आर्टिस्ट निशु अपना स्प्रिचुअल वर्क लेकर आई हैं। कृष्ण उनका सब्जेक्ट है। कृष्ण को सांवले रंग से चित्रित किया है और चारों ओर सफेद प्रकाश है। फूल पत्तियों के बीच मोर पंख से भी कृष्ण की छवि दिखाई देती है।
निशु ने बताया कि उन्होंने कृष्ण के बारे में जो पढ़ा है, उसीसे प्रभावित होकर यह पेंटिंग बनाई है। वह बताना चाहती हैं कि कण-कण में भगवान हैं।
हैदराबाद के एम रमानी की पेंटिंग दिल्ली गैंग रेप पीड़िता को समर्पित है। पेंटिंग में लड़की को शेर पर बैठे दिखाया है और शेर की पूंछ को फंदे से बांधा गया है।
हैदराबाद की ही एक अन्य कलाकार रंगोली गर्ग ने एक्रेलिक रंगों का इस्तेमाल कर शेड्स ऑफ हर लाइफ बनाई है। पेंटिंग में पर्दे के पीछे औरतें हैं और समाज की ओर से डाली गई जंजीरों का प्रतीक उभारा गया है।
प्रदर्शनी में 15 कलाकारों की कुल 70 पेंटिंग और 5 स्कल्पचर प्रदर्शित किए गए है। यह प्रदर्शनी 15 मई तक चलेगी।