चंडीगढ़ में 91 पार्किंग स्थलों को पेड करने का प्रस्ताव आखिरकार सोमवार को सदन की बैठक में पास हो गया। बैठक में तय किया गया कि इन पार्किंगों में 10 मिनट के लिए पिक एंड ड्रॉप की फ्री सुविधा दी जाएगी। इसके लिए बाकायदा पर्ची जारी की जाएगी। उसके बाद पहले चार घंटे के लिए दोपहिया वाहनों से 5 रुपये जबकि चारपहिया वाहनों से 10 रुपये का पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा। वहीं, चार घंटे बाद यह शुल्क दोगुना (दोपहिया वाहनों के 10 रुपये और चारपहिया वाहनों के 20 रुपये) हो जाएगा।
विज्ञापन
हालांकि कांग्रेस ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और सदन से बायकॉट कर दिया। विरोध के बावजूद सांसद किरण खेर की मौजूदगी में सदन में एजेंडा पास हो गया। हालांकि पार्किंग को चार की बजाय केवल दो जोन में बांटने का प्रस्ताव पास किया गया। बता दें कि अभी शहर में 25 पार्किंग स्थल ही पेड थे। जून 2018 से पार्किंग का मुद्दा टल रहा था। पार्किंग का मुद्दा हल नहीं होने से निगम को हर माह करोड़ों रुपये का घाटा हो रहा था। जुलाई माह की बैठक में सांसद के आने के बाद ही मुद्दे पर मोहर लगाने की बात कही गई।
आखिरकार सोमवार को सांसद किरण खेर की मौजूदगी में सदन ने प्रस्ताव पास कर दिया। कांग्रेस ने विरोध दर्ज किया और बात नहीं सुने जाने पर कांग्रेसी पार्षद बैठक से बायकॉट कर गए। बैठक में सांसद खेर ने कहा कि पिक एंड ड्रॉप के लिए 5 मिनट काफी कम है, इसलिए इसे बढ़ाकर 10 मिनट कर देना चाहिए। सांसद ने कहा कि चार घंटा शॉपिंग करने के वाले के लिए काफी है। इससे ज्यादा कोई शॉपिंग नहीं करता। हम भी महिलाएं हैं, इससे ज्यादा समय कोई नहीं लगाता, इसलिए इस प्रस्ताव पर सहमति देने में कोई हर्ज नहीं।
विज्ञापन
12 घंटे के बाद भी गाड़ी पार्किंग में खड़ी रही तो चार्ज फिर डबल
बैठक में एक और मुद्दा आया कि कुछ लोग रात में पार्किंग में अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, क्योंकि रात में पार्किंग फ्री रहती है। इस पर सांसद ने कहा कि यह पार्किंग का दुरुपयोग है। इसलिए रात में खड़ी होने वाली गाड़ियों को हटवाएं। इस पर भाजपा पार्षद गुरप्रीत ढिल्लों ने विरोध जताते हुए कहा कि जिनके पास जगह नहीं वह गाड़ियां कहां खड़ी करेंगे। इस पर सांसद बोलीं, जब जगह नहीं तो लोग क्यों खरीदते हैं गाड़ियां। रात में पार्किंग में गाड़ी रखने वालों पर एक हजार रुपये जुर्माना होना चाहिए। काफी देर तक चली बहस के बाद तय किया गया 12 घंटे के बाद जो भी पार्किंग में गाड़ी रखेगा, उसे फिर से दोगुने रुपये देने होंगे। मतलब दोपहिया वाहनों को 20 रुपये और चार पहिया वाहनों को 40 रुपये वसूले जाएंगे।
स्मार्ट पार्किंग के लिए 90 दिन, उसके बाद दोगुने होंगे शुल्क
कमिश्नर केके यादव ने कहा कि 30 दिन में किसी भी कंपनी के लिए स्मार्ट व्यवस्था देना आसान नहीं है इसलिए 90 दिन का समय दिया जाना चाहिए। इस पर पार्षदों ने सहमति जताई, साथ ही तय किया गया कि स्मार्ट सुविधा शुरू होने के बाद पार्किंग कमेटी पहले पूरी व्यवस्थाओं को देखेगी, उसके बाद ही शुल्क दोगुने करने की व्यवस्था लागू होगी। तब तक पहले की तरह एक ही रेट की व्यवस्था जारी रहेगी। यदि कंपनी 90 दिन से पहले स्मार्ट व्यवस्था लागू करेगी तो उसे पहले भी निरीक्षण के बाद शुल्क दोगुना करने की व्यवस्था की जा सकती है।
स्मार्ट पार्किंग के लिए जल्द होंगे टेंड
सदन में मुद्दा पास होने के बाद अब जल्द नगर निगम स्मार्ट पार्किंग के लिए टेंडर कॉल करेगा। फिलहाल पार्किंग शुल्क पहले की तरह ही चलेंगे। टेंडर कॉल करने के बाद जा कंपनी आएगी, उससे निगम अनुबंध करेगा। दो जोन के लिए अलग अलग कंपनी आई तो ठीक, नहीं तो एक ही कंपनी को टेंडर दे दिया जाएगा।
बैठक में पार्किंग पास पर भी चर्चा हुई। इस पर कांग्रेस पार्षद देवेंद्र सिंह बबला ने भी सहमति जताई। उसके बाद तय कि किया गया कि वर्तमान पार्षदों, चीफ जस्टिस, हाईकोर्ट के जज, रजिस्ट्रार जनरल, प्रशासन के अफसर और सेक्रेटरी को पास की व्यवस्था दी जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि निगम के अफसर यदि पार्किंग के लिए रुपये देंगे तो उसे निगम को ही भरना होता है। इसलिए उनके लिए भी पास व्यवस्था कर देनी चाहिए। हालांकि सदन ने पूर्व पार्षए, मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के पास बनाने के लिए असहमति जताई। पार्षदों को केवल दो ही पास देने की बता कही गई।
डे पास के साथ लगेगा हेलमेट चार्ज
सदन की बैठक में बताया कि यदि किसी को डे पास चाहिए तो दो पहिया वाहन के लिए 20 रुपये और चार पहिया वाहन के लिए 50 रुपये शुल्क रहेगा। इसके अलावा हेलमेट रखने के लिए अलग से 2 रुपये शुल्क देना होगा।
मल्टीलेवल पार्किंग को अपने पास ही रखेगा निगम
मल्टीलेवल पार्किंग का मुद्दा आने पर देवेश मोदगिल ने कहा कि नगम को सेक्टर 17 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग अपने पास ही रखनी चाहिए क्योंकि इससे काफी रेवेन्यू जनरेट हो सकती है। इसके अलावा शहर में छह नई मल्टीलेवल पार्किंग जिसमें सेक्टर 17 एक नई, सुखना लेक के पास, फन रिपब्लिक के पास, एलांते मॉल के पास, सेक्टर-34 में सिटी सेंटर 1 और 2 में, सनबीम होटल के पास, किरन सिनेमा के पास बनानी चाहिए। इसके बाद तय किया गया कि सेक्टर 17 मल्टीलेवल पार्किंग में वैले तैनात होंगे। साथ ही वहां विज्ञापन से आने वाला रेवेन्यू भी निगम को मिल सके। इसके अलावा एलांते मॉल के सामने की पार्किंग, फन रिपब्लिक, पिकाडली की पार्किंग के रेट पहले की तरह ही रहेंगे।
इलेक्ट्रिक वाहनों का पार्किंग शुल्क होगा आधा
कमिश्नर ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी कुछ शुल्क होना चाहिए। वहां पार्किंगों में चार्जिंग स्टेशन लगने हैं तो अभी से शुल्क तय करना होगा। इस पर पार्षदों ने तय कि कि इलेक्ट्रिक वाहनों के पार्किंग शुल्क मोटर वाहनों से आधे रखे जाएंगे।