चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के खिलाफ दुकानदारों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भी हड़ताल जारी रही। साथ ही गेट नंबर दो बंद कर दिया गया। एक घंटे से अधिक समय यह बंद रहा। कोई भी वाहन अंदर नहीं आ पाए। जाम की स्थिति बन गई। लोगों को परेशानी हुई। दुकानदारों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
पीयू की दुकानें सोमवार को दिनभर बंद रहीं। शाम को दुकानदार एकत्रित होकर गेट नंबर दो पर पहुंचे। यहां उन्होंने गेट बंद कर दिया। सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद न करने को कहा, लेकिन दुकानदारों ने अपना विरोध जाहिर किया। शिक्षक, कर्मचारी गाड़ी लेकर यहां से प्रवेश नहीं कर सके। दुकानदारों ने कहा कि पीयू उनकी मांगों को दरकिनार कर रही है। हालांकि पीयू का कहना है कि वह दुकानदारों के संपर्क में है। जायज बातों को माना जा रहा है। बताया जाता है कि मंगलवार को दोनों पक्षों की बैठक होगी।