चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के लिए सभी संगठनों ने ताकत झोंक दी है। सभी जोर-शोर के साथ प्रचार में लगे हैं। छात्रों से मिलकर सुविधाएं मुहैया करवाने के वादे किए जा रहे हैं। हालांकि चुनावी तारीख की घोषणा होना अभी बाकी है। फिर भी पीयू में चहलकदमी दिखाई दे रही है। शुक्रवार को पुसू ने घोषणापत्र पत्र जारी किया है तो सीवाईएसएस ने यूआईएलएस में पैनल की घोषणा की है।
पुसू ने घोषणापत्र में किए कई वादे
छात्रसंघ चुनाव को लेकर सबसे पहले पुसू ने अपना घोषणापत्र जारी किया है। इसमें छात्रों के हित को देखते हुए कई अहम वादे किए गए हैं।इसमें कक्षाओं और लैब में एसी लगाने, रीडिंग रूम में पर्याप्त कुर्सियां और सुविधाएं, पीयू परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगवाने, नॉर्थ और साउथ परिसर में नाइट कैफे या कैंटीन खुलवाने, साउथ परिसर के एलुमनी हाउस में नाइट रीडिंग हॉल खुलवाना, पूरी डिग्री के तहत वन टाइम रजिस्ट्रेशन के साथ वाई-फाई सुविधा, साउथ परिसर में स्टूडेंट सेंटर खुलवाना, नया मोबाइल टॉवर लगवाना, इंग्लिश, आर्ट्स और इवनिंग की कैंटीन खुलवाना, आर्ट्स ब्लॉक में टक शॉप खुलवाना, विज्ञान विभागों में रिसर्च सामग्री को अपग्रेड करवाना इत्यादि को शामिल किया है।
छात्र संगठन सीवाईएसएस की ओर से साउथ परिसर में शुक्रवार को पैनल की घोषणा की गई। इस दौरान इंचार्ज रूस्तम, चेयरमैन दीपक, कंवीनर दविंदर, को-कंवीनर रितीज चौबे, जनरल सचिव अमन सांगर, ज्वाइंट सचिव एकाग्र, उपाध्यक्ष हर्ष वर्धान, पार्टी प्रधान अनिकेत भूंबला, को-ऑर्डिनेटर आकाशदीप को बनाया गया है। साथ ही यूआईईटी के पैनल की भी घोषणा की गई। इसमें अध्यक्ष हर्ष विज, उपाध्यक्ष शिवम शर्मा, इंचार्ज रोमेश, कंवीनर अमन अंसारी, को-ऑर्डिनेटर आयुष गोयल, को-कंवीनर दुर्गेश और को-ऑर्डिनेटर गौरव को बनाया गया है। यूआईईटी विभाग में सीवाईएसएस ने डीआर उम्मीदवार के लिए प्रेम और कनिष्क शर्मा की घोषणा की है। यह घोषणा सीवाईएसएस के छात्र नेता संजीव चौधरी, नवलदीप सिंह, कंवलप्रीत सिंह, पारस रतन इत्यादि ने की।