ऑपरेशन ब्लू स्टार (घल्लूघारा) सप्ताह के मद्देनजर पूरे सूबे में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन की तरफ से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शाही शहर पटियाला में सोमवार को पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई। इसके साथ ही शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सुबह से ही पटियाला पुलिस की ओर से विशेष नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग की गई। गुजरने वाले हर वाहन की बारीकी के साथ जांच की जा रही है।
एक से छह जून तक हर साल पंजाब में घल्लूघारा सप्ताह मनाया जाता है। इस दौरान खास करके पंजाब भर में अलर्ट जारी किया जाता है और हर शहर-कस्बे और गांव में पुलिस की ओर से विशेष चेकिंग के साथ-साथ चौकसी बरती जाती है। इस बार संत रणजीत सिंह ढडरियांवाले पर हुए हमले के मद्देनजर भी सरकार कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहती। वहीं कुछ हिंदू जत्थेबंदियों ने ललकार रैली निकालने की भी नाकाम कोशिश की थी। इससे माहौल खराब होने के डर से भी पुलिस की ओर से चौकसी बरती जा रही है।
दमदमी टकसाल ने अकाल तख्त पहुंचने की अपील की
चंडीगढ़। ऑपरेशन ब्लू स्टार (घल्लूघारा) की वर्षगांठ करीब आने के साथ एक बार फिर अमृतसर में फिजा गर्म होने लगी है। छह जून को होने वाली वर्षगांठ के लिए जहां कई गर्म सिख संगठन सक्रिय होने लगे हैं, वहीं दमदमी टकसाल ने तमाम सिख संस्थाओं से छह जून को श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचने की अपील की है।
इस बार वर्षगांठ पर इसलिए भी ज्यादा गहमागहमी है क्योंकि सिख प्रचारकों के दो गुटों के आमने सामने होने के बाद दमदमी टकसाल ने विशेष बैठक कर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार पर भी सवालिया निशान लगा दिया है।
संत रणजीत सिंह ढडरियांवाले और धुम्मा के बीच विवाद के बीच दमदमी टकसाल के प्रमुख हरनाम सिंह खालसा ने स्पष्ट कहा है कि सिखी के प्रति कुप्रचार, नुक्ताचीनी और परंपराओं को ठेस पहुंचाने की किसी भी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दमदमी टकसाल के कुछ समर्थकों को गिरफ्तार किए जाने का मुद्दा भी छह जून को उठाने का फैसला किया है। उन्होंने पंजाब सरकार पर दोहरी चाल चलने का आरोप लगाया। वहीं, पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी तैनात कर दिया गया है, ताकि माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों पर खास नजर रखी जा सके।
-------------------------------
सक्रिय हुआ केटीएफ, पंजाब ने केंद्र से की गुजारिश
खुफिया एजेंसियों ने सरकार को आगाह किया है कि कनाडा में खालिस्तान टेरर फोर्स (केटीएफ) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं और वह पंजाब में सक्रिय हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने भी विदेश मंत्रालय को पत्र लिख कनाडा की सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुजारिश की है। कनाडा के रहने वाले हरदीप निज्जर को इसकी कमान सौंपी गई है। केटीएफ के निशाने पर कई बड़े नेता भी हैं।