मानसा के स्थानीय गुरु नानक कालेज रोड में शुक्रवार को पूर्व मुख्य मंत्री प्रकाश सिंह बादल पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल (अ) के वर्करों ने जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह बछोआना की अगुवाई के बादल के काफिले को काली झंडियां दिखाई और एसएसपी मानसा मनधीर सिंह की हाजिरी में बेअदबी के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग के साथ खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस मौके पर जिला नेता राजिंदर सिंह जवाहरके समेत अन्य नेताओं ने काली झंडियां उठाई हुई थी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस पंजाब की अमन शांति को भंग न करे। उन्होंने कहा कि बरगाड़ी और बहिबलकलां कांड की आड़ में गर्मख्याली कांग्रेस की शह पर एक बार फिर पंजाब में अमन शांति को भंग करना चाहते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर कहा कि वह दिल्ली के इशारे पर पंजाब में गर्म ख्यालियों की हिमायत करना बंद करे नहीं तो इसके नतीजे भयानक निकलेंगे।
इस मौके पर पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य बलविंदर सिंह भूंदड़ा, जिलाध्यक्ष गुरमेल सिंह फफड़े, प्रेम अरोड़ा, डॉ. निशान सिंह, हरबंत सिंह दातेवास, बलम सिंह कलीपुर, हरमेल सिंह कलीपुर, अमरजीत कुलाणा, गुरदीप सिंह, राजिंदर झंडा, बिकर सिंह बोड़ावाल, हंसा अहमदपुर, जोगा सिंह बोहा, बीबी बलवीर कौर, सिमरजीत कौर सिमी और जगदीप सिंह नकई मौजूद थे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में एसएसपी मनधीर सिंह, डीएसपी अनिल कुमार शर्मा, एसपी मेजर सिंह समेत जिले भर की पुलिस बल तैनात की गई थी।