चंडीगढ़ में बसने का सपना देख रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) शुक्रवार से 81 आवासीय और 97 व्यावसायिक संपत्तियों का ई-टेंडर करने जा रहा है। बोर्ड ने इस नीलामी में पहली बार 47 मकानों को रखा है। सभी संपत्तियों के आरक्षित मूल्य की जानकारी सीएचबी की वेबसाइट पर दे दी गई है।
इच्छुक लोग 16 सितंबर सुबह 10 बजे से अपनी पसंदीदा संपत्ति के लिए बोली जमा करवा सकते हैं। बोली 11 अक्तूबर सुबह 10 बजे तक लगाई जाएगी। इसी दिन 10.15 बजे ई-बोली खोली जाएगी। ई-टेंडरिंग में 81 आवासीय (फ्री होल्ड), एक फ्री होल्ड व्यावसायिक संपत्ति और 96 लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्तियों को रखा जाएगा। इसमें सेक्टर-51 के 2 बेडरूम फ्लैट का आरक्षित मूल्य 95.34 लाख रुपये रखा गया है। चंडीगढ़ प्रशासन की ई-टेंडरिंग वेबसाइट
https://etenders.chd.nic.in पर बोली जमा कराई जा सकेगी।
बोर्ड ने यह स्पष्ट किया है कि 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति ई-टेंडरिंग में भाग ले सकता है। प्रॉपर्टी खरीदने के लिए एनआरआई भी बोली लगा सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि जो भी आरक्षित मूल्य तय किया गया है, उसके अनुसार सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही मकान बेचा जाएगा। संपत्तियां सेक्टर-38 वेस्ट, 49, 51, 26, 63 व मनीमाजरा में हैं।
एरिया आरक्षित मूल्य
सेक्टर-51 टू बेडरूम 95.34 लाख
सेक्टर-63 टू बेडरूम 72.56 लाख
सेक्टर-49 ईडब्ल्यूएस 27.08 लाख
सेक्टर-38 वेस्ट ईडब्ल्यूएस 27.08 लाख