कोरोना वायरस ने सेक्टर-17 के रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) के कार्य करने के तरीके को बदल दिया है। वर्तमान में आरएलए की 80 फीसदी सेवाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं। आरएलए में इन दिनों सिर्फ उन्हीं लोगों की एंट्री है, जिन्होंने ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ली हो। लोगों को लाइसेंस बनवाने के लिए इन दिनों डेढ़ से दो महीने बाद की अप्वाइंटमेंट मिल रही है, जिससे लोग काफी परेशान हैं। आरएलए में कई बदलाव हुए हैं।
लोगों को एक-दूसरे से दूर-दूर रखने के लिए एंट्री और एग्जिट को अलग-अलग किया गया है। अंदर दाखिल होने से पहले ही आरएलए ने दो कर्मचारी बैठाए हैं, जो विजिट की वजह पूछते हैं। अगर ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ली हो, तभी एंट्री दी जाती है। आरएलए के अंदर कई काउंटर खोले गए हैं। लोगों की भीड़ को कम करने के लिए कुर्सियां हटा दी गई हैं, सिर्फ कुछ ही कुर्सियां रखी गई हैं। पुलिस के कुछ कर्मचारी भी आरएलए के अंदर मौजूद रहते हैं, जो ज्यादा लोगों को एकत्रित होने पर उन्हें हिदायत देते हैं।
आरएलए विराट ने बताया कि पहले एक दिन में करीब 800 लोग अपने विभिन्न कामों के लिए आते थे, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से सिस्टम में बदलाव कर सिर्फ 400 लोगों को ही अप्वाइंटमेंट दिया जा रहा है। इसमें से भी सभी को अलग-अलग समय अलॉट किया जा रहा है। लोगों की संख्या ज्यादा है, इसलिए वेटिंग लिस्ट लंबी हो रही है। हालांकि, लोगों की संख्या को देखते हुए अप्वाइंटमेंट की संख्या को 10 प्रतिशत और बढ़ाने की तैयारी है।
कई काउंटरों पर दिखी भीड़, फैल सकता है संक्रमण
तमाम कोशिशों के बावजूद आरएलए के कई काउंटरों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं। मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे लर्निंग लाइसेंस मिलने वाले काउंटर और डाक्यूमेंट्स की जांच करने वाले काउंटरों पर काफी भीड़ देखी गई। दो फुट की दूरी तो छोड़िए लोगों ने एक फुट की भी दूरी नहीं रखी थी। लर्नर लाइसेंस के लिए टेस्ट देने आए विकास ने बताया कि वह आरएलए सुबह आ गए थे। सुबह काफी भीड़ थी। कुछ काउंटरों पर लंबी लाइन थी। लोगों ने मास्क तो लगाए हैं, लेकिन दूर-दूर नहीं खड़े हुए थे।
डीएल बनवाने के लिए करें दो महीने तक इंतजार
कोरोना की वजह से अपनाए गए नए सिस्टम से ड्राइविंग लाइसेंस के चाह्वानों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, क्योंकि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आरएलए में मिलने वाली अप्वाइंटमेंट डेढ़ से दो महीने बाद की मिल रही है। अगर कोई इस महीने लाइसेंस के लिए आवेदन दाखिल कर रहा है तो उसे अक्तूबर महीने की अप्वाइंटमेंट मिल रही है। ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट देने की संख्या को 50 फीसदी करने की वजह से यह दिक्कत शुरू हुई है। अप्वाइंटमेंट की तारीख को बदलवाने के आरएलए पहुंचे रमेश कुमार ने कहा कि उन्हें अक्तूबर की अप्वाइंटमेंट मिली है, लेकिन किसी जरूरी काम की वजह से तारीखों को पहले कराना चाहते हैं, जिसकी वजह से वह दफ्तर पहुंचे हैं।
कोरोना वायरस की वजह से सिस्टम में बदलाव किया है। इसके तहत अप्वाइंटमेंट की संख्या को 50 फीसदी किया गया है, लेकिन लोगों की संख्या को देखते हुए हम इसे 10 प्रतिशत और बढ़ाने जा रहे हैं। इसके अलावा आरएलए में सोशल डिस्टेंसिंग को बरकरार रखने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। ज्यादातर सर्विस ऑनलाइन कर दी गई हैं।
- विराट, आएलए