यूटी में लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना अब आसान हो जाएगा। रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) की जल्द लॉन्च होने जा रही वेबसाइट पर लर्नर लाइसेंस के लिए लोग ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे और इसके बाद उन्हें टेस्ट के लिए डेट दी जाएगी।
जो डेट उन्हें दी जाएगी उस दिन उन्हें टेस्ट के लिए आना होगा। इससे आरएलए कार्यालय में भीड़ भी नहीं होगी और लोगों को भी सुविधा हो जाएगी। वेबसाइट पर मॉक टेस्ट भी होगा। इस टेस्ट के जरिए लर्नर लाइसेंस बनवाने वाले लोगों को पता चल जाएगा कि टेस्ट में किस तरह के सवाल पूछे जाएंगे।
अभी लर्नर लाइसेंस के लिए कंप्यूटराइज्ड टेस्ट देने वालों को यह जानकारी नहीं मिल पाती कि टेस्ट में किस तरह के सवाल पूछे जाएंगे? इससे हर रोज टेस्ट में बैठने वाले 35 से 40 फीसदी लोग फेल हो जाते हैं। आरएलए हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी के अलावा तमिल, तेलुगू और कन्नड़ भाषाओं में टेस्ट लेता है।