चंडीगढ़। शहर के सरकारी स्कूलों में सोमवार से पहली से नौवीं की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी। जिला शिक्षा अधिकारी नीना कालिया ने सभी स्कूल प्रमुखों को इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
इसमें लिखा है कि पहली से आठवीं का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद 9 अप्रैल से ही नए सेशन की शुरूआत हो गई थी। दाखिला प्रक्रिया भी चल रही है। इसलिए बिना किसी देरी के सभी स्कूल सोमवार से पहली से नौवीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम में शुरू करवाएं।
निर्देश के अनुसार इस बार स्कूल शिक्षक अपने स्तर पर ही व्हाट्सएप के जरिए बच्चों को गृह कार्य भेजेंगे। पिछले सेशन में सेंट्रलाइज्ड कक्षाएं आयोजित होती थीं। शहर के चार-पांच सरकारी स्कूलों में शिक्षक जूम और गूगल मीट की मदद से लाइव कक्षाएं भी ले रहे हैं।
बच्चों के पास संसधानों की कमी
ज्यादातर सरकारी स्कूलों में बच्चों के पास स्मार्टफोन का अभी भी अभाव है। लैपटॉप तो मुश्किल से ही किसी बच्चे के पास है। शिक्षकों ने बताया कि बच्चे अपने पिता का ही स्मार्टफोन पढ़ाई के लिए इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में पिता काम के लिए जब बाहर जा रहे हैं तो उनकी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं महज खानापूर्ति हैं। विद्यार्थी शिक्षकों के साथ जुड़ नहीं पा रहे हैं। इस वजह से बच्चों के शिक्षा के स्तर में भी गिरावट आई है। जब पिछले तीन-चार महीने बच्चे स्कूल आए थे, तब उनका प्रदर्शन काफी खराब था।
कोट
अगले आदेशों तक ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं। इस हफ्ते गर्मियों की छुट्टियों को लेकर निर्देश जारी कर देंगे। अगले आदेशों तक विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेगी।
-रूविंदरजीत सिंह बराड़, शिक्षा निदेशक