कल्पना चावला तारामंडल देखने के इच्छुक अब ऑन लाइन बुकिंग करवा सकेंगे। यह सुविधा अप्रैल माह में शुरू होगी। इसकी टेस्टिंग शुरू भी हो चुकी है। कल्पना चावला तारामंडल के क्यूरेटर सुमित कुमार ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा राज्य काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी द्वारा संचालित कल्पना चावला मेमोरियल प्लेनेटोरियम 24 जुलाई 2007 को शुरू हुआ था।
इसमें करीब आधे घंटे का एक शो नियमित रूप से चलाया जा रहा है। पर्यटकों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने तारामंडल शो के लिए टिकटों की ऑन लाइन बुकिंग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। ऑन लाइन सुविधा का उपयोग करने वाला व्यक्ति अपने पसंद और सीट को भी रिजर्व करवा सकेगा। इसके लिए वेबसाइट में ऑप्शन उपलब्ध कराया गया है।
बुकिंग कराने के बाद संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर मैसेज पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल के ग्रुप के लिए भी स्कूल प्रबंधक पहले से ही ऑनलाइन सुविधा से पूरे शो की बुकिंग एडवांस में करवा सकेगा। इस तारामंडल में 118 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए 30 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। स्कूल के बच्चों के लिए टिकट पर 50 प्रतिशत की छूट नियमानुसार दी जाएगी।
10 लाख लोग देख चुके हैं तारामंडल को
क्यूरेटर सुमित कुमार ने बताया कि 24 जुलाई 2007 से लेकर अब तक 10 लाख लोग तारामंडल शो देख चुके हैं। तकरीबन एक लाख 25 हजार लोग हर साल शो देख रहे हैं। गत वर्ष तारामंडल को 29 लाख 26 हजार 570 रुपये की आय हुई है।
बनेगा वातानुकूलित कैफेटेरिया
क्यूरेटर ने बताया कि राज्य सरकार की तरफ से तारामंडल परिसर में वातानुकूलित कैफेटेरिया बनाया जा रहा है। इसमें पर्यटकों के लिए खाने-पीने की उच्चस्तरीय सुविधा उपलब्ध होंगी। इसके लिए शीघ्र ही टेंडर जारी किया जाएगा। शौचालयों को भी वातानुकूलित बनाया जाएगा।