प्याज का रेट अभी और रुलाएगा। करीब 15 दिन तक कोई राहत मिलने वाली नहीं है, क्योंकि अगले महीने के पहले हफ्ते ही नई फसल आएगी। पिछले सप्ताह के मुकाबले में अभी प्याज का रेट 15 रुपये किलो और बढ़ चुका है। शहर के बाजारों में प्याज 50 रुपये बिक रहा है, जबकि सेक्टर-26 मंडी में मंगलवार को प्याज परचून में ही 45 रुपये किलो बिका। मार्केट कमेटी के अनुसार शहर में प्रतिदिन 36 टन प्याज की खपत होती है।
इसलिए बढ़ रहा रेट
इस समय शहर में नासिक से प्याज की सप्लाई आ रही है। आढ़तियों के अनुसार इस समय स्टोर किया हुआ प्याज आ रहा है और वहां पर मौसम ठीक न होने का भी विपरीत असर रेट पर पड़ रहा है। पिछले सप्ताह बाजार में प्याज की कीमत 35-40 रुपये प्रति किलो थी।
प्रशासन ने लगाए थे सस्ते प्याज के स्टाल
पिछले सीजन में जब प्याज का रेट 60 रुपये पहुंच गया था तो प्रशासन ने खुद सस्ते प्याज के स्टाल लगाए थे, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं किया गया है। उस समय तो प्याज और आलू बेचने के लिए शहर में मोबाइल वैन भेजी जाती थी।
सस्ते प्याज की करेंगे मांग
मार्केट कमेटी के चेयरमैन रामवीर भट्टी का कहना है कि वह प्रशासन से अपील करेंगे कि पिछले साल की तरह इस बार सस्ते प्याज की मोबाइल वैन शहर में चलाई जाएगी।
इसलिए रेट कम होने की उम्मीद
मार्केट कमेटी और आढ़तियों के अनुसार अगले माह नासिक से नई प्याज की फसल आनी शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही उड़ीसा और आंध्र प्रदेश में प्याज की फसल उतर जाएगी। इस कारण प्याज के रेट में गिरावट आ जाएगी।