यूटी प्रशासन के अधिकारियों के फोन नंबर, ईमेल एड्रेस और उनका पता अब आप अपने मोबाइल फोन पर देख पाएंगे। यूटी प्रशासन के सलाहकार केके शर्मा ने मंगलवार को एम डॉयरेक्टरी को यूटी गेस्ट हाउस में लांच किया।
यूटी प्रशासन के आईटी विभाग ने एम डॉयरेक्टरी को तैयार किया है और इस डॉयरेक्टरी को यूटी प्रशासन की वेबसाइट से निशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
प्रशासन के अधिकारियों का दावा है कि किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से इस तरह की मोबाइल डॉयरेक्टरी अभी तक लांच नहीं की गई है।
इस मौके पर प्रशासक के सलाहकार केके शर्मा ने आईटी विभाग से इस तरह से और मोबाइल एप लांच करने को कहा। आईटी सचिव प्रेरणा पुरी ने कहा कि इस एप से फायदा यह होगा कि लोग सीधा ईमेल कर पाएंगे या फोन कर पाएंगे।
यूटी के डायरेक्टर आईटी उपकार सिंह ने कहा कि आईटी डिपार्टमेंट कुछ और मोबाइल एप बनाने की तैयारी कर रहा है। आरटीआई की मोबाइल एप भी बनाई जा रही है। ब्यूरो