डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जो भी लोग सेक्टर-15 निवासी कोरोना पीड़ित महिला के संपर्क में आए हैं, वे अपना टेस्ट सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के स्पेशल फ्लू वार्ड में करा सकते हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन के मद्देनजर हमने सेक्टर-15 को कंटेनमेंट कलस्टर एरिया घोषित किया है। महिला की मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी कर ली है। सेक्टर में घर-घर सर्वे कराया गया है। इसके साथ लगते जो सेक्टर हैं, वे बफर जोन में आते हैं।
सेक्टर 15 निवासी महिला 6 अप्रैल को बुखार, खांसी के इलाज के लिए नागपाल अस्पताल सेक्टर- 11 पंचकूला में गई। 7 अप्रैल को दोबारा नागपाल अस्पताल में एक्स-रे रिपोर्ट चेक कराई तो उन्होंने इसे सामान्य अस्पताल सेक्टर-6 में रेफर किया।
11 अप्रैल को वह सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल आईं। वहां इसके लक्षणों को मद्देनजर रखते हुए इसका सैंपल लिया और 14 अप्रैल को इसकी पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इसलिए 6 से 14 अप्रैल तक जो लोग इसके सम्पर्क में रहे होंगे, उन सभी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पंचकूला में हालात अभी नियंत्रण में
चंडीगढ़ और मोहाली के हॉटस्पॉट घोषित हो जाने के बाद अब पंचकूला के लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। पंचकूला सेक्टर-15 में दो पॉजिटिव केस आने के बाद अफसर भी चिंतित हैं। हालांकि उनका दावा है कि यहां हालात अभी नियंत्रण में हैं।
पंचकूला स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉक्टर राजीव नरवाल ने बताया कि हॉटस्पॉट जोन में पंचकूला अभी नहीं आया है। कोरोना के 15 से ज्यादा केस की पुष्टि होने के बाद ही हॉटस्पॉट जोन घोषित होता है। जिले में अभी तक 7 केस की पुष्टि हुई है। पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कोरोना को हराने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए जनता का सहयोग अपेक्षित है।