पुरुष उम्मीदवारों को आज और महिला अभ्यर्थियों को 30 जुलाई को बुलाया
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में 5000 पुरुष सिपाही सामान्य ड्यूटी और 1000 महिला सिपाहियों की प्रथम व द्वितीय चरण की पीएमटी (शारीरिक-मापदंड) परीक्षा रविवार को पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल परिसर में समाप्त हो गई। आयोग ने निर्णय लिया कि किन्हीं कारणों के कारण जो उम्मीदवार परीक्षा नहीं दे पाए हैं, उन्हें परीक्षा देने का एक और मौका दिया जाएगा। इसके तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 29 जुलाई और महिला अभ्यर्थियों को 30 जुलाई को पीएमटी के लिए बुलाया है।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि 16 जुलाई से पीएमटी परीक्षा का आयोजन हुआ था। प्रारंभिक समय में 2000 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी। पिछले तीन दिन तक चली महिला सिपाहियों की पीएमटी का रविवार को अंतिम दिन था। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि पीएमटी की परीक्षा में गैरहाजिर उम्मीदवारों को परीक्षा देने का एक और अवसर दिया जाएगा, ताकि कोई किसी कारणवश नहीं आ पाया हो तो अपना पीएमटी दे सके।