महेश नगर स्थित टांगरी पुल के निकट पेट्रोल पंप पर जा रहे बाइक सवार बाप व बेटे को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दोनों बाप बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भरती कराया गया है। यहां पर डाक्टरों ने नरेंद्र के पिता राजेंद्र सिंह भंडारी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार टांगरी नदी के पास लक्ष्मीपुरा निवासी 26 वर्षीय नरेंद्र भंडारी अपने पिता राजेंद्र भंडारी के साथ बाइक पर कहीं जा रहे थे। राजेंद्र भंडारी साइंस उपकरण बनाने का काम करते है। इस दौरान नरेंद्र भंडारी बाइक पर पेट्रोल डलवाने के लिए सड़क पार कर रहा था तो अचानक एक तेजरफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार उसके पिता राजेंद सिंह भंडारी ट्राली के पिछले टायर की चपेट में आ गए और नरेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने दोनों घायलों को कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर डाक्टरों ने नरेंद्र के पिता राजेंद्र सिंह भंडारी को मृत घोषित कर दिया और नरेंद्र को अस्पताल में दाखिल कर लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उधर, डाक्टरों का कहना है कि हादसे में राजेंद्र सिंह भंडारी के गुप्तांगों में गहरी चोट आने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।