फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: चंडीगढ़ में वन सिटी, वन पार्किंग सिस्टम लागू

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शहवासियों के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार से चंडीगढ़ में वन सिटी, वन पार्किंग सिस्टम लागू कर दिया गया। इसके तहत एमसी वन पास नाम से एकीकृत डिजिटल पार्किंग व्यवस्था शुरू की गई है जिससे शहर के सभी प्रमुख निगम पार्किंग स्थलों पर एक ही पास से वाहन पार्क किया जा सकेगा। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ सेक्टर-22 में नगर निगम पार्किंग साइट पर मेयर हरप्रीत कौर बबला ने किया। यह पहल नगर निगम चंडीगढ़ और बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से साकार हुई है।
विज्ञापन

मेयर हरप्रीत कौर बबला ने कहा कि एमसी वन पास प्रणाली पूरी तरह कैशलेस और क्यूआर कोड आधारित है जिससे पार्किंग को लेकर होने वाली असुविधा और अव्यवस्था पर रोक लगेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दोपहिया वाहनों के लिए मासिक पार्किंग पास 250 रुपये और चारपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। इससे रोजाना पार्किंग शुल्क चुकाने की झंझट खत्म होगी और नियमित पार्किंग करने वालों को आर्थिक राहत मिलेगी।
क्यूआर कोड स्कैन कर मिनटों में बनेगा पास
नगर आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि एमसी वन पास बनवाने के लिए किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। सभी वाहनों का डेटा सीधे नगर निगम के सिस्टम में दर्ज होगा जिससे फर्जीवाड़े या डुप्लीकेसी की संभावना समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम में पास दिखाने की भी जरूरत नहीं होगी क्योंकि वाहन का नंबर पहले से डिजिटल रिकॉर्ड में मौजूद रहेगा।
विज्ञापन

व्यावसायिक वाहनों को भी मिलेगा लाभ
नगर आयुक्त ने बताया कि यह पास न केवल निजी वाहनों बल्कि पीले नंबर प्लेट वाले व्यावसायिक चारपहिया वाहनों पर भी लागू होगा। एमसी वन पास नगर निगम की ओर से संचालित सभी 87 पार्किंग स्थलों पर मान्य रहेगा। इनमें सेक्टर-17, सेक्टर-22, सेक्टर-35 की पार्किंग, सुखना लेक पार्किंग, सेक्टर-17 की मल्टीलेवल पार्किंग, एलांते मॉल के सामने की सरफेस पार्किंग सहित अन्य चिह्नित स्थल शामिल हैं। पार्किंग स्थलों की पूरी सूची नगर निगम और बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
आगे और होगी सुविधा बढ़ाने की तैयारी
नगर आयुक्त ने बताया कि आने वाले समय में छह महीने और एक साल की अवधि के पार्किंग पास भी जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही स्मार्ट पार्किंग सिस्टम विकसित करने की योजना है, जिसके तहत एक मोबाइल एप तैयार किया जाएगा। इस एप के माध्यम से नागरिक यह देख सकेंगे कि किस पार्किंग स्थल पर कितनी जगह उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान वाहन खड़ा पाए जाने पर उसे नगर निगम द्वारा उठाया जाएगा।
यह कदम पार्किंग स्थलों को अनुशासित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए उठाया गया है। कार्यक्रम में स्पेशल कमिश्नर प्रदीप कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. इंदरजीत, पार्षद दमनप्रीत सिंह, सेक्टर-22 डी मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष परवीन दुग्गल, चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक राजेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें