चंडीगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट कर 52 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लुधियाना का रहने वाला यदुनंदन शर्मा है। पुलिस ने आरोपी को 25 दिसंबर को पकड़ा था।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-45 निवासी बुजुर्ग ने शिकायत दी थी कि 27 अक्तूबर को उसे व्हाट्सएप कॉल कर खुद को ट्राई अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने संपर्क किया। बाद में ईडी अधिकारी बनकर ठगों ने धमकाया कि उसका मोबाइल नंबर मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल हुआ है और मुंबई के कोलाबा थाने में केस दर्ज है।
27 अक्तूबर से 12 नवंबर तक पीड़ित को लगातार वीडियो कॉल कर डिजिटल अरेस्ट में रखा गया। फर्जी दस्तावेज और नकली कोर्ट रूम दिखाकर गिरफ्तारी की धमकियां दी गईं। डर के चलते पीड़ित ने अलग-अलग खातों में 52 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जांच में पुलिस ने 28 लाख रुपये होल्ड करवा लिए। 5 लाख रुपये आरोपी के खाते में जाने की पुष्टि हुई, जिन्हें उसने निकाल लिया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।