अमिताभ बच्चन के नाम पर ठगी कर फरार हुए भट्ट दंपति को तलाशना अब पुलिस के लिए पहेली बनता जा रहा है। आरोपी दंपति फिल्म की स्क्रिप्ट की तरह अपने ठिकाने बदल रहा है। रविवार को आरोपी की लोकेशन आगरा की मिली। उसने यहां पर खाना खाया था और गाड़ियां बदली थी। उसकी लोकेशन मिलते ही पुलिस की टीमें ताजनगरी पहुंच गई, लेकिन इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। साथ ही आरोपियों का मोबाइल नंबर बंद है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी ओर से जांच जारी रहेगी। जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाता, टीमें वापस नहीं आएंगी।
चंडीगढ़ के डीलर को लैपटॉप के नाम पर ठगा
पुलिस से पता चला है कि आरोपी ने चंडीगढ़ के एक कंप्यूटर डीलर से दस एपल के लैपटॉप खरीदे थे। प्रत्येक लैपटॉप की कीमत डेढ़ लाख रुपये थी। आरोपी ने डीलर को चेक के माध्यम से भुगतान किया था, लेकिन चेक बाउंस हो गए।
डेढ़ लाख का बिल नहीं भरा, कटा बिजली कनेक्शन
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मकान मालिक को करीब तीन माह से किराया नहीं दिया था। वहीं, बिजली का बिल करीब डेढ़ लाख रुपये का आया था। आरोपी ने उसका भी भुगतान नहीं किया था, इसके बाद बिजली विभाग ने उसका कनेक्शन काट दिया है। इस संबंधी शिकायत मकान मालिक ने पुलिस को दी है।
पैसे मांगने पर पेटीएम से करता था भुगतान
हैरी भट्ट से कोई व्यक्ति यदि पैसे मांगने उसके घर जाता था तो वह उसे नगद भुगतान करने के बजाय पेटीएम से 10 से 15 हजार की राशि ट्रांसफर करता था।
सोमवार को साइबर एक्सपर्ट देखेंगे जब्त कंप्यूटर
थाना सिटी खरड़ के एसएचओ सतनाम सिंह ने बताया कि सोमवार को साइबर एक्सपर्ट की टीमें आरोपी के ऑफिस से जब्त किए गए कंप्यूटरों को खंगालेगी। साथ ही पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने किन-किन लोगों से लेन-देन किया है।