36 जगह लगेंगे नाके
नए साल के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले में पुलिस व प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली हैं। पुलिस जिले में अलग-अलग जगहों पर 36 नाके लगा रही है। सभी नाकों पर कुल 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए सभी नाकों पर महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
10 पुलिस नाकों पर पुलिसकर्मी एल्को सेंसर लेकर तैनात रहेंगे ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को पकड़ा जा सके। नए साल के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी कर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त दी गई हैं। जिले के सभी डीएसपी, थाना एसएचओ और पुलिस चौकी इंचार्ज अपने एरिया में पेट्रोलिंग करेंगे। इसके अलावा 19 डायल 112 की इमरजेंसी व्हीकल, 11 पीसीआर, 25 क्यूआरटी, 24 पुलिस राइडर और महिला की सुरक्षा के लिए दुर्गाशक्ति वाहन को अलग-अलग जगहों पर तैनात किया जाएगा।
मोहाली: शहर में रहेंगे कड़े सुरक्षा प्रबंध
मोहाली में 31 दिसंबर की रात को नया साल शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और हुल्लड़बाजों पर नकेल कसने, चौकसी बढ़ाने को लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह से सतर्क है। इसको लेकर शहर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उल्लंघन करने वालों को जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। एसएसपी मोहाली डॉ. संदीप गर्ग ने इसके लिए नई हिदायतें जारी कर दी हैं।
जिले में पड़ती सब डिविजनों को छह सर्कल में बांटा गया है। इन छह सर्कलों पर सुरक्षा प्रबंधों की जिम्मेदारी छह एसपी की होगी। इन छह एसपी के साथ 12 डीएसपी तैनात रहेंगे जो रात के समय स्पेशल नाके लगाकर सर्च अभियान चलाएंगे। एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि 31 दिसंबर को जिले में 57 जगह नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा पेट्रोलिंग के लिए अलग टीमों का गठन किया गया है।
22 एसएचओ के साथ 985 पुलिस कर्मी देंगे ड्यूटी
जिले भर में 22 एसएचओ को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। इन एसएचओ के साथ कुल 985 पुलिस कर्मचारी गश्त पर रहेंगे। एसएसपी ने बताया कि 30 और 31 दिसंबर को भीड़भाड़ वाले क्षेत्र और मार्केट में विशेष तौर पर नाकाबंदी कर गश्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस फोर्स लगाने का उद्देश्य नए साल पर शांतिमय माहौल कायम करना है। पुलिस मुख्य तौर पर शरारती तत्वों और हुल्लड़बाजों पर नजर रखेगी।