चंडीगढ़। सेक्टर-50 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से मंगलवार को ऑफलाइन कक्षाओं की शुरुआत की गई। हालांकि अभी तक पीयू की ओर से अकादमिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन विद्यार्थियों की कक्षाओं में आने की व्यवस्था सामान्य हो सके, इसलिए कॉलेज में विद्यार्थियों को परीक्षा खत्म होने के साथ ही बुला लिया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने भी काफी समय पहले कॉलेजों को पूरी तरह से ऑफलाइन माध्यम में चलाने के निर्देश जारी कर दिए थे। पहले दिन कॉलेज में 80 से 90 प्रतिशत विद्यार्थी ऑफलाइन कक्षाएं लगाने के लिए पहुंचे।
सेक्टर-50 बिजनेस कॉलेज में पहले दिन मंगलवार को बीबीए और बीसीए की ऑफलाइन कक्षाओं की शुरुआत की गई। कॉलेज प्राचार्य पूनम अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति अच्छी रही। विद्यार्थियों की कॉलेज में ऑफलाइन कक्षाओं की व्यवस्था सामान्य रूप से बहाल हो जाए, इसलिए कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। एसडी कॉलेज-32 में आर्ट्स और विज्ञान कोर्स के विषयों को छोड़कर स्नातक के विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे। वहीं अन्य कॉलेजों में 28 फरवरी और मार्च के पहले हफ्ते से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो रही हैं।
29 फरवरी से ऑफलाइन कक्षाएं
डीएवी कॉलेज-10 में 29 फरवरी से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर रहे हैं, लेकिन मंगलवार से कॉलेज में सभी गतिविधियां ऑफलाइन माध्यम में शुरू कर दी गई हैं। विद्यार्थियों को भी संदेश भेज दिया है कि हॉस्टल अलॉट करवा लें, जिससे कक्षाएं शुरू होने के बाद उन्हें दिक्कत नहीं हो। अभी भी छात्रावासों में करीब 200 विद्यार्थी रह रहे हैं। -डॉ. पवन शर्मा, प्राचार्य, डीएवी कॉलेज-10
आज से आए कॉमर्स के विद्यार्थी
एसडी कॉलेज में मंगलवार से कॉमर्स के स्नातक के विद्यार्थी कॉलेज आए। अभी कला और विज्ञान विषयों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए उनकी कक्षाएं 2 मार्च के बाद शुरू की जाएंगी। विद्यार्थी अभी छात्रावास में आ सकते हैं, जिससे बाद में कॉलेज खुलने पर उन्हें कक्षाएं लगाने में परेशानी नहीं हो। -डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य, एसडी कॉलेज
मार्च के पहले सप्ताह में शुरू होगी कक्षाएं
अभी कई कोर्स के विद्यार्थियों की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। वहीं पीयू की ओर से अकादमिक कार्यक्रम भी जारी नहीं किया गया है, इसलिए परीक्षा खत्म होने के बाद मार्च के पहले सप्ताह से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की जाएगी। -डॉ. निशा अग्रवाल, पीजीजीसीजी-42