बिजली विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह ने बिजली वितरण निगमों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सब डिवीजन, डिवीजन तथा सर्कल स्तर पर उपभोक्ताओं की समितियों का गठन करें।
ये समितियां बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का उचित निवारण सुनिश्चित करेंगी और उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई भी करेंगी।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं को उचित और तत्पर सेवा उपलब्ध करवाने के लिए प्रत्येक उपमंडल, मंडल और सर्कल स्तर पर पांच से सात सदस्यों वाली उपभोक्ताओं की समितियां बनाई जाएंगी।
समिति में सम्मिलित होने वाले सदस्य ऐसे होंगे जिनकी ओर बिलों की बकाया राशि और बिजली चोरी के मामले नहीं होने चाहिए।
समिति के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों से होने चाहिए, ताकि समिति में प्रत्येक श्रेणी के उपभोक्ता का प्रतिनिधित्व हो सके। समिति उपभोक्ताओं द्वारा उनके सामने लाई गई शिकायतों की सुनवाई करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि शिकायतें तत्परता से सुनी जाएं। शिकायत का एक सप्ताह में निवारण कर दिया जाएगा।
उपमंडल स्तर पर गठित की गई समिति प्रत्येक सोमवार को तथा मंडल स्तर पर संबंधित समिति माह के प्रत्येक दूसरे व तीसरे सोमवार को बैठकों का आयोजन करेंगी। इसी प्रकार सर्कल स्तर पर गठित की गई समिति की हर महीने के चौथे सोमवार को बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता संबंधित अधिकारी करेंगे।