पंजाब में 'राम-सिया के लव कुश' धारावाहिक के प्रसारण के विरोधस्वरूप प्रदेश बंद करने के बाद अब बड़ी कार्रवाई की गई है। फिरोजपुर में थाना सिटी पुलिस ने रविवार को टीवी चैनल कलर्स के एमडी, सीरियल के लेखक और सीरियल के डायरेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में श्याम लाल सुंदर निवासी भारत नगर ने कहा कि टीवी चैनल पर इन दिनों यह सीरियल प्रसारित हो रहा है। इसमें सीरियल के लेखक व डायरेक्टर सिद्धार्थ तिवारी भगवान वाल्मीकि के चरित्र संबंधी गलत बातें पेश कर रहे हैं। ऐसा करके इतिहास से छेड़छाड़ की जा रही है। इससे वाल्मीकि समुदाय की आस्था को ठेस पहुंची है।
शनिवार को बंद रहा पंजाब, शताब्दी रोकी, गोली लगने से युवक घायल
एक निजी टीवी चैनल पर प्रसारित किए जा रहे सीरियल ‘राम-सिया के लव कुश’ में भगवान वाल्मीकि महाराज की जीवनी को तोड़ मरोड़ कर पेश करने के मामले में वाल्मीकि समुदाय का पंजाब बंद रहा। बंद का सबसे ज्यादा असर जालंधर, अमृतसर व तरनतारन में दिखा। अमृतसर में आंदोलनकारियों ने शताब्दी को रोका। फिरोजपुर रेल मंडल में आंदोलन के चलते 10 ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। नकोदर में दुकान बंद करवाने के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई।