चार जिलों की नर्सिंग छात्राओं ने वीरवार को कैंट में मंत्री अनिल विज के आवास पर जमकर हंगामा किया।
इसके साथ ही सीएम आवास घेरने की चेतावनी भी दे डाली। करीब पांच घंटे तक यह छात्राएं मंत्री आवास के बाहर हाईवे किनारे धरने पर बैठी रहीं। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती रहीं।
इन छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ने उनकी नहीं सुनी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। लौटते समय छात्राओं ने कैंट ओवरब्रिज के नीचे भी नारेबाजी की।
धरने पर बैठी इन छात्राओं ने कहा कि पिछले कई दिनों से सरकार को अपनी मजबूरियां और परेशानियां गिनवा रहे हैं, लेकिन सरकार अपनी जिद पर अड़ी है। अंबाला कैंट में मंत्री के आवास पर धरना देने सहित जाम जैसे कदम उठाए। डीसी कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं है। ऐसे में अब प्रदेश के सीएम आवास का घेराव करेंगे। आगामी संघर्ष के लिए समिति बनाई जाएगी।
पांच घंटे डटी रहीं छात्राएं
अंबाला, करनाल भिवानी, यमुनानगर की सैकड़ों नर्सिंग छात्राएं वीरवार को अंबाला कैंट में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचने की कोशिश करने लगीं। लेकिन, पुलिस फोर्स ने बैरिकेड्स लगाकर इन को भीतर नहीं जाने दिया। इसके बाद यह छात्राएं हाईवे किनारे सड़क पर ही धरना देने लगीं।
इस दौरान बूंदाबांदी भी होती रही। छात्राएं मंत्री से मिलने की जिद पर अड़ी रहीं। बताया जाता है कि एक बार मंत्री से कुछ छात्राएं मिलीं, लेकिन बात नहीं बनी। छात्राओं ने करीब पांच घंटे तक धरना दिया।
कॉलेज स्टूडेंट्स से मांगा सहयोग
धरने के दौरान प्रीति, मीना, आशू, सिमरन, मेघा, रीटा, सुनीता, मीनू, ज्योति, कविता, ऊषा, रेखा, सुमन, टीना, चरणजीत, पूजा, रजनी, सुमन आदि ने कहा कि सरकार अपनी जिद पर अड़ी है और कुछ नहीं कर रही। उन्होंने अन्य कालेजों के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे उनका साथ दें।